मथुरा पुलिस गंभीरता दिखाती तो न होती प्रापर्टी डीलर की हत्या, मुठभेड़ में दो गिरफ्तार
मथुरा में एक प्रॉपर्टी डीलर की हत्या हो गई, आरोप है कि पुलिस ने पहले हुई मारपीट की शिकायत को ...और पढ़ें

पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार हत्यारोपी।
जागरण संवाददाता, मथुरा। दो दिन पूर्व हाईवे थाना क्षेत्र अंतर्गत महोली में प्रापर्टी डीलर के साथ मारपीट की घटना को पुलिस ने गंभीरता से नहीं लिया। अगर पुलिस मामले में शिकायत के साथ ही त्वरित कार्रवाई करती तो शायद प्रापर्टी डीलर की हत्या नहीं होती। वारदात के बाद हरकत में आई पुलिस ने घटना के दो आरोपितों को मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया। एक आरोपित दाहिने पैर में गोली लगने से घायल हुआ है।
शहर के वार्ड महोली निवासी प्रापर्टी डीलर 42 वर्षीय रौतान उर्फ रोहताश की बुधवार रात 9.30 बजे शराब के लिए रुपये न देने पर नामजद आरोपितों ने कार शोरूम के पास गोली मारकर हत्या कर दी। पिता श्याम सिंह ने गांव के ही भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष विशाल उर्फ विकास, मेघश्याम, डालचंद्र, मुकेश, धर्मेंद्र, राजकुमार, मनोज आदि के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई।
तयेरे भाई लाखन सिंह ने बताया, घटना के दिन रौतान जयगुरुदेव आश्रम के समीप निर्माणाधीन मकान पर थे। शाम को रौतान ने उन्हें फोन कर बताया कि विशाल उर्फ विकास ने उसकी मारपीट की और सोने की जंजीर लेकर भाग गया है। हम घटनास्थल पर पहुंचे और 112 पर काॅल की। हमें पन्ना पोखर चौकी पर जाने को कहा। वहां चौकी प्रभारी के न मिलने पर हाईवे थाने गए और मारपीट व लूट का प्रार्थना पत्र दिया।
पुलिस से कहा था कि आरोपित हत्या कर सकते हैं। लाखन ने आरोप लगाया कि पुलिस ने मामले को हल्के में लिया। इसके बाद आरोपितों ने बाइक से घर जाते समय हम पर फायरिंग कर दी। एक गोली पीछे बैठे सुभाष के हाथ से रगड़तेहुए निकल गई, जबकि दूसरी रौतान के कंधे में जा लगी। इसके बाद हम लोगों को बुरी तरह पीटा, जिसमें रौतान की मृत्यु हो गई।
आरोप लगाया कि पुलिस अगर घटना को गंभीरता से लेती तो शायद रौतान की जान नहीं जाती। इधर, वारदात के बाद सक्रिय हुई पुलिस ने गुरुवार रात साढ़े 10 बजे सलेमपुर मार्ग से मुठभेड़ में मनोज एवं फर्रुखाबाद के अमृतपुर निवासी कंचन को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की दोहिने पैर में गोली लगने से मनोज घायल हुआ है। इनके पास से तमंचा, कारतूस व बाइक बरामद हुई है। मुख्य आरोपित की तलाश में पुलिस जुटी है।
इस घटना में हर बिंदु पर जांच की जा रही है। अगर पुलिस की लापरवाही रही है तो जांच में दोषी पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी। ये पूरी घटना नशे में हुई है। आरोपितों की गिरफ्तारी में टीमें लगी हैं।
-राजीव कुमार सिंह, एसपी सिटी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।