बंद फैक्ट्री से 100 किलो प्लास्टिक उत्पाद जब्त
दूसरे दिन भी इंडस्ट्रियल एरिया में नगर निगम की टीम ने की कार्रवाई
मथुरा, जासं। नगर निगम की टीम ने दूसरे दिन गुरुवार को भी इंडस्ट्रीयल एरिया में प्रतिबंधित प्लास्टिक के उत्पाद बनाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की। यहां करीब एक डेढ़ महीने से बंद पड़ी फैक्ट्री से 100 किलो गिलास और दौना जब्त किए गए। फैक्ट्री मालिक से पच्चीस हजार रुपये का जुर्माना वसूल किया गया।
सहायक नगर आयुक्त राजकुमार मित्तल ने बताया कि बुधवार की रात इंडस्ट्रियल एरिया में जब्त किए गए प्रतिबंधित प्लास्टिक के उत्पादों को लेने के लिए टीम आज फिर वहां पहुंची थी। यहां उनको जानकारी जानकारी मिली कि इपैक्ट इंडस्ट्रीज में भी प्लास्टिक के गिलास और दौने बनाने का काम हो रहा है। इस पर वह जब फैक्ट्री के अंदर गए तो फैक्ट्री बंद पड़ी थी, लेकिन प्रतिबंधित प्लास्टिक के गिलास और दौना स्टॉक में रखे हुए थे। जब्त किए गए दौने और गिलास करीब सौ किलोग्राम हैं। फैक्ट्री मालिक हेमंत जैन से पच्चीस हजार रुपये का जुर्माना वसूल किया गया है।