Mathura Nagar Nigam: बोर्ड बैठक शुरू होने से पहले ही तूतू मैंमैं, महिला पार्षद ने नगर आयुक्त पर उठाई चप्पल
Mathura Nagar Nigam बैठक छोड़ गए नगर आयुक्त। बलदेव से भाजपा विधायक पूरन प्रकाश के खिलाफ भी नारेबाजी।
मथुरा, जेएनएन। नगर निगम बजट बोर्ड की शुक्रवार को आयोजित बैठक में शुरू होने से पहले ही जमकर हंगामा हुआ। भाजपा की महिला पार्षद ने नगर आयुक्त से अभद्रता की। मंच की ओर बढ़कर उनकी तरहफ चप्पल उठा ली। किसी तरह निगम कर्मचारियों ने हालात काबू किए। इसके बाद विधायक ने हस्तक्षेप किया, तो उनके खिलाफ भी नारेबाजी की गई। मौके पर पुलिस पहुंची, नगर आयुक्त बैठक छोड़कर चले गए। मेयर डॉ. मुकेश आर्यबंधु ने भी समझाने की कोशिश की लेकिन उनकी बात भी पार्षदों ने नहीं सुनी।
शहर के मुकुंद पैलेस में बोर्ड की बैठक शुरू होने वाली थी, तभी वार्ड 24 की पार्षद दीपिका रानी सिंह मंच पर बैठ नगर आयुक्त रविंद्र कुमार मांदड़ के पास पहुंचीं। उनसे कुछ समस्याओं के बारे में बात की, तो नगर आयुक्त ने कहा बैठ जाओ, बैठक के बाद इस पर चर्चा हो जाएगी। इस पर नाराज पार्षद ने चप्पल उतारकर नगर आयुक्त के ऊपर तान दी। तभी कुछ कर्मचारियों ने पार्षद से चप्पल छुड़ा ली। नगर आयुक्त ने कहा कि लॉकडाउन में जब लोग घरों में थे तो नगर निगम के अधिकारी और कर्मचारी काम पर थे। इस पर बाकी पार्षदों ने एक स्वर से विरोध किया और नारेबाजी करने लगे। इसी बीच विधायक पूरन प्रकाश ने पार्षद को गिरफ्तार कराने की बात कही। सूचना पर बाग बहादुर चौकी से पुलिस भी पहुंच गई। नगर आयुक्त बैठक छोड़कर चले गए। पार्षदों ने सफाई और पेयजल व्यवस्था चौपट होने के आरोप लगाए। विधायक पूरन प्रकाश के खिलाफ भी नारेबाजी की। विधायक भी सदन छोड़कर चले गए। करीब एक घंटे की गहमागहमी के बाद बैठक हुए बिना ही सदन स्थगित हो गया।