विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मथुरा: लेनदेन विवाद में मां-बेटी को कार के बोनट पर घसीटा, दो किमी तक दौड़ाई गाड़ी

By Jitendra Kumar Gupta Edited By: Prateek Gupta
Published: Wed, 04 Nov 2026 09:32 PM (IST)

मथुरा के पानीगांव में पैसों के लेन-देन के पुराने विवाद में कार सवारों ने मां-बेटी को टक्कर मारकर बोनट पर ...और पढ़ें

कार के बोनट पर बैठीं मां और बेटी। वीडियो ग्रैब

कार के बोनट पर बैठीं मां और बेटी। वीडियो ग्रैब

जागरण संवाददाता, मथुरा। जमुनापार क्षेत्र के पानीगांव में रुपयों के लेन-देन से जुड़े पुराने विवाद में कार सवार लोगों ने मां-बेटी को टक्कर मार दी। दोनों कार के बोनट पर जा गिरीं, लेकिन चालक ने गाड़ी नहीं रोकी और उन्हें करीब दो किलोमीटर तक तेज रफ्तार में घसीटता रहा। घटना का सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर प्रसारित हो गया। पुलिस ने दो नामजद समेत तीन के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।

पानीगांव में कार सवार दबगों का अपने परिचित पवन से पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद हुआ। विवाद की जड़ें पिछले वर्ष वृंदावन के परिक्रमा मार्ग पर हुई मारपीट और मध्य प्रदेश से आए श्रद्धालुओं की गाड़ियों में तोड़फोड़ की घटना से जुड़ी हैं। इसी सिलसिले में दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से पैसों का तकादा चल रहा था। सोमवार रात आरोपित पक्ष के लोग हंगामा करने पहुंचे।

हालात बिगड़ते देख पीड़ित परिवार की महिलाओं ने कार के आगे खड़े होकर उन्हें रोकने की कोशिश की। आरोप है कि कार सवारों ने गाड़ी रोकने के बजाय रफ्तार बढ़ा दी और मां-बेटी को टक्कर मार दी। दोनों बोनट पर गिर गईं, फिर भी चालक उन्हें मांट रोड की ओर करीब दो किलोमीटर तक ले गया। राहगीरों ने यह दृश्य देखा तो चीख-पुकार मच गई।

आरोपित महिलाओं को मांट रोड स्थित एक पेट्रोल पंप के पास सड़क पर छोड़कर फरार हो गए। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पानीगांव चौकी प्रभारी ने पुलिस बल के साथ दोनों घायल महिलाओं को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कब्जे में लेकर आरोपितों की तलाश शुरू कर दी है। एसपी सिटी राजीव कुमार सिंह ने बताया कि तीन के खिलाफ मुकदमा दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।