मथुरा: बोरे में मिला युवक का शव, सिर पर चोट के निशान से हत्या की आशंका
मथुरा में मंगलवार सुबह मंडी चौकी के पास सड़क किनारे एक बोरे में युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। सिर पर चोट के निशान मिलने के कारण पुलिस हत्या की आशंका जता रही है और जांच में जुट गई है।

बोरे में पड़ा शव और पुलिसकर्मी।
जागरण संवाददाता, मथुरा। मंडी चौकी के पास मंगलवार सुबह सड़क किनारे बोरे में युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। सड़क किनारे संदिग्ध बोरा पड़ा देखकर लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने बोरा खोलकर देखा तो उसमें युवक का शव बरामद हुआ। युवक के सिर पर चोट के निशान हैं, जिसके चलते हत्या की आशंका जताई जा रही है।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया। आसपास के लोगों से पूछताछ कर शव की पहचान कराने का प्रयास किया गया, लेकिन युवक की पहचान नहीं हो सकी। मृतक की उम्र करीब 35 वर्ष के बीच होने का अनुमान लगाया जा रहा है।
हाईवे थाना प्रभारी बैजनाथ सिंह ने बताया आसपास के थाना क्षेत्रों को भी युवक के हुलिए और शव मिलने की जानकारी भेजी है, ताकि उसकी पहचान हो सके। सिर पर चोट के निशान मिलने के कारण हत्या की आशंका को नजरअंदाज नहीं किया जा रहा है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगालने की तैयारी कर रही है।