विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

एक-एक करोड़ के नोटों की माला, जीजा ने लुटाया सालों पर प्यार; मथुरा की शादी चर्चाओं में आई

By Jitendra Kumar Gupta Edited By: Prateek Gupta
Published: Sat, 21 Nov 2026 07:32 PM (GMT+05:30)

मथुरा के नगला फोंदा में एक अनोखी घुड़चढ़ी चर्चा का विषय बनी हुई है, जहां दूल्हों को उनके जीजा ने एक-एक करोड़ रुपये के नोटों की माला पहनाई। 500-500 रुपये के नोटों से बनी 100 फीट लंबी इन मालाओं को संभालने के लिए कई लोगों की मदद लेनी पड़ी, जिसका वीडियो वायरल हो रहा है।

अपने जीजा के साथ छत पर खड़े दूल्हे। दोनों ने 500-500 के नोट की माला पहन रखी है, जो जमीन तक आ रही है।

अपने जीजा के साथ छत पर खड़े दूल्हे। दोनों ने 500-500 के नोट की माला पहन रखी है, जो जमीन तक आ रही है।

संवाद सूत्र, सुरीर (मथुरा)। शादियों के सीजन में आपने दूल्हे को फूलों और नोटों की माला पहने तो खूब देखा होगा, लेकिन सुरीर के गांव नगला फोंदा में शनिवार को हुई एक घुड़चढ़ी ने सबको हैरान कर दिया। यहां जीजा ने अपने सालों पर ऐसा प्यार लुटाया कि घुड़चढ़ी में शामिल लोग देखते ही रह गए। दूल्हा बने दोनों सालों को एक-एक करोड़ रुपये के नोटों की माला पहनाई गई।

जीजा के इस अनोखे अंदाज की चर्चा अब पूरे क्षेत्र में हो रही है। दरअसल, गांव नगला फोंदा निवासी योगेंद्र सिंह और कुशलपाल सिंह के बेटे प्रशांत और कान्हा राघव की शनिवार को घुड़चढ़ी निकाली जा रही थी। दोनों की शादी गोवर्धन के एक मैरिज होम में गांव मुड़सेरस निवासी युवतियों के साथ होनी है।

घुड़चढ़ी की रस्म के दौरान उनके जीजा योगेश कुमार उर्फ भूरा ठाकुर निवासी गांव नंदोला, कामां (राजस्थान) ने अपने सालों को खास तोहफा देने का फैसला किया। उन्होंने दोनों दूल्हों को एक-एक करोड़ रुपये के नोटों से बनी विशालकाय माला पहनाई।

500-500 रुपये के नए नोटों से तैयार प्रत्येक माला करीब 100 फीट लंबी बताई जा रही है। माला इतनी लंबी और भारी थी कि उसे संभालने के लिए कई लोगों को मशक्कत करनी पड़ी। छत पर खड़े होकर दोनों दूल्हों को ये मालाएं पहनाई गईं। घुड़चढ़ी में मौजूद लोगों के लिए यह नजारा किसी शाही आयोजन से कम नहीं था।

ग्रामीणों और रिश्तेदारों ने इस अनोखे पल को अपने मोबाइल कैमरों में कैद कर लिया। दूल्हे किसान नेता महावीर स्वामी के भतीजे बताए जा रहे हैं। जीजा के इस करोड़ों वाले अंदाज का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

500 के नोटों से तैयार हुई 100 फीट लंबी माला

दोनों दूल्हों को पहनाई गई मालाओं में पांच-पांच सौ रुपये के नोट लगाए गए थे। प्रत्येक माला करीब 100 फीट लंबी थी। इसकी लंबाई और वजन के कारण कई लोगों को इसे उठाने और संभालने में मदद करनी पड़ी। नगला फोंदा की यह अनोखी घुड़चढ़ी अब क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।