रालोद ने मथुरा लोकसभा से नरेंद्र सिंह को बनाया उम्मीदवार
मथुरा सीट पर सपा बसपा और रालोद का है गठबंधन भाजपा कांग्रेस प्रसपा ने नहीं की प्रत्याशियों के नामों की घोषणा
मथुरा, जासं। रालोद ने मंगलवार को मथुरा लोकसभा सीट से ठाकुर नरेंद्र सिंह को उम्मीदवार बनाया है। वे सपा, बसपा और रालोद गठबंधन के संयुक्त प्रत्याशी होंगे। तीनों दलों के गठबंधन में मथुरा लोकसभा सीट रालोद के खाते में आई है। ठाकुर नरेंद्र सिंह ने रालोद के टिकट पर वर्ष 2017 में गोवर्धन विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ चुके हैं।
वह रालोद में जिलाध्यक्ष पद पर रहे थे और वर्तमान में प्रदेश उपाध्यक्ष का दायित्व संभाल रहे हैं। हालांकि रालोद से अब तक विनीत नारायण का नाम चल रहा था। इसको लेकर पार्टी के नेता दिल्ली में पार्टी मुखिया से मिले। वहां इस पर पुनर्विचार करने की बात कही गई। पिछले दिनों हुई बसपा मुखिया मायावती और रालोद के उपाध्यक्ष जयंत चौधरी की मुलाकात के बाद ही तय हो गया कि इस मामले में जल्द ही फैसला लिया जाएगा। मंगलवार को जारी रालोद की सूची में नरेंद्र सिंह के नाम पर मुहर लग गई। अभी भाजपा, कांग्रेस और प्रगतिशील समाजवादी पार्टी ने प्रत्याशियों के नामों की घोषणा नहीं की है।