पुष्पांजलि में नारायण को नर का नमन
श्रीकृष्ण जन्मभूमि पर आयोजित किया गया पुष्पांजलि कार्यक्रम नृत्य गोपाल दास शरणानंद महाराज ऊर्जा मंत्री ने उतारी आरती
मथुरा, जासं। श्रीकृष्ण जन्मस्थान के लीलामंच पर शनिवार को न भूलने वाला नजारा भक्तों ने अपनी आंखों में संजो लिया। भगवान श्रीकेशव देव जी को पुष्पांजलि अर्पित हो रही थी। उनकी भव्य आरती उतारी जा रही थी। सामने हजारों की संख्या में मौजूद भक्त बधाई गायन और जयकारों के बीच मगन होकर झूम रहे थे।
सुबह करीब 11 बजे लीलामंच पर भगवान को श्रीराम जन्मभूमि न्यास और श्रीकृष्ण जन्मभूमि न्यास के अध्यक्ष नृत्य गोपाल दास, संत कािर्ष्ण गुरु शरणानंद महाराज, ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा ने पुष्पांजलि अर्पित कर आरती उतारी। इस दौरान श्रीकृष्ण जन्मस्थान सेवा संस्थान के सचिव कपिल शर्मा, सदस्य गोपेश्वर नाथ चतुर्वेदी भी मौजूद थे। लीलामंच के सामने हजारों की संख्या में भक्त इस खास पल के साक्षी थे। कीर्ति किशोरी द्वारा एक के बाद एक प्रस्तुत सुंदर भजनों पर श्रद्धालु खड़े होकर झूमने लगे। इस दौरान ऊर्जा मंत्री ने ब्रज भाषा में भक्तों को पर्व की बधाई देते हुए संतों का आभार जताया। गुरु शरणानंद महाराज ने गुरु और शास्त्रों का महत्व तथा इस खास पल को देखने वालों को सौभाग्यशाली बताया।