विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यमुना एक्सप्रेसवे से गांजे की तस्करी, दो कारों में 70 लाख का माल बरामद; तीन तस्कर पकड़े

By Jitendra Kumar Gupta Edited By: Prateek Gupta
Published: Tue, 24 Nov 2026 01:07 PM (IST)

यमुना एक्सप्रेसवे पर एएनटीएफ आगरा जोन और मांट पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो कारों से 134 किलोग्राम गांजा बरामद किया। इसकी अनुमानित कीमत 70 लाख रुपये है और तीन तस्करों को गिरफ्तार किया गया है, जो गांजे को राजमुंदरी से दिल्ली ले जा रहे थे।

यमुना एक्सप्रेसवे।

यमुना एक्सप्रेसवे।

संवाद सूत्र, मांट (मथुरा)। यमुना एक्सप्रेसवे पर मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ एएनटीएफ आगरा जोन और मांट पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। संयुक्त टीम ने मांट टोल प्लाजा से पहले घेराबंदी कर दो कारों को रोककर तलाशी ली। दोनों कारों से 134 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 70 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने मौके से तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है।

तस्कर गांजे को 67 पैकेटों में भरकर दिल्ली ले जा रहे थे। सोमवार शाम एएनटीएफ आगरा जोन की आपरेशनल यूनिट और मांट पुलिस यमुना एक्सप्रेसवे पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से गांजा तस्करी की सूचना मिली। टीम ने मांट टोल प्लाजा से पहले घेराबंदी कर वॉक्सवैगन और हुंडई आई-20 कार को रोक लिया। तलाशी के दौरान दोनों कारों से दो-दो किलो के 67 पैकेटों में 134 किलो गांजा बरामद हुआ।

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान अनिल कुमार उर्फ छोटे निवासी नौगवां थाना बिधूना जिला औरैया वर्तमान पता विकास विहार द्वारका दिल्ली और सचिन देवीदास तायवडे और सोमेश साहेबराव मानेकर निवासी ग्राम जामटी जिला अमरावती महाराष्ट्र के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि गांजा राजमुंदरी से अन्ना नाम के व्यक्ति से लेकर आए थे और इसे दिल्ली पहुंचाना था।

अनिल अपनी कार में गांजा लेकर चल रहा था, जबकि सोमेश दूसरी कार से आगे-आगे चलकर पायलटिंग कर रहा था। वह रास्ते की जानकारी और लोकेशन देकर आगे का रास्ता साफ होने की सूचना दे रहा था। सुरक्षा के लिए सोमेश ने अपने गांव के सचिन को 25 हजार रुपये देने का लालच देकर अनिल के साथ बैठाया था।

सचिन को दो मोबाइल फोन भी दिए गए थे। पुलिस ने दोनों कारों के अलावा चार मोबाइल, दो डेबिट कार्ड और 3200 रुपये नकद भी बरामद किए हैं। आरोपितों से पूछताछ के आधार पर गांजा तस्करी के नेटवर्क और अन्ना नाम के व्यक्ति की भूमिका की जांच की जा रही है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।