मथुरा में शिवराज सिंह चौहान और पुष्कर सिंह धामी बोले... गो संवर्धन से उन्नत होगी खेती, गांव बनेंगे विकास के मॉडल
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान और उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी ने मथुरा में गो संवर्धन पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि गोपालन और गोमय उत्पादों से खेती उन्नत होगी और गांवों का आर्थिक विकास होगा।

परखम में गो पूजन करते उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी। साथ हैं केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान।
जागरण संवाददाता, मथुरा। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा यह वो ब्रज भूमि है जहां आते ही कान्हा की याद आती, गायों के साथ उनकी लीलाएं लुभाती हैं। गो संवर्धन से सिर्फ गायों का नहीं पूरे देश का विकास होगा। छोटे-छोटे किसानों को फायदे की खेती के लिए गोमाता का पालन जरूर करना चाहिए।
इससे खेती उन्नत होगी। गोमय उत्पादों से ही आर्थिक उन्नति और गांवों के विकास का माडल तैयार होगा। वह परखम स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय गो अनुसंधान एवं प्रशिक्षण केंद्र में आए थे। कामधेनु गोशाला समिति के संयोजन में विभिन्न प्रकल्पों का लोकार्पण एवं शिलान्यास शनिवार को शिवराज सिंह चौहान ने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के साथ किया।
यहां सेंटर फाॅर आयुर्वेद और पंचगव्य इनोवेशन एंड ट्रेडिशनल मेडिसिन सहित अन्य प्रकल्पों का डिजिटल माध्यम से शुभारंभ किया गया। केंद्रीय मंत्री शिवराज चौहान ने कहा कि गायों के लिए यहां सुपर फूड तैयार होगा। हम देखकर आश्चर्य कर रहे हैं। उन्होंने भीड़ से पूछा किसान कौन-कौन हैं? फिर आर्थिक उन्नति, पर्यावरण संरक्षण के लिए गोपालन और गांवों को नशा मुक्त बनाने के लिए संकल्प दिलाया।
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि यमुना के किनारे आकर उत्तराखंड के हरिपुर कालसी का स्मरण होता है। हरिपुर कालसी देहरादून जिले में यमुना नदी के तट पर बसा एक ऐतिहासिक, धार्मिक और पौराणिक महत्व का स्थान है। यमुना का घाट तैयार कराया है। उन्होंने गो विज्ञान अनुसंधान केंद्र को देश की अर्थव्यवस्था में सहयोगी बताया।
यहां केंद्रीय पंचायती राज राज्यमंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल ने कहा कि आयुर्वेद हमारी विरासत है। गोसंवर्धन का केंद्र का रत्न है। यूरोप सहित दूसरे देश के लोग भी यहां भ्रमण करने आएंगे।
सभी ने इससे पहले जूना अखाड़ा के आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी अवधेशानंद गिरि, देव संस्कृति विश्वविद्यालय के वाइस प्रेसीडेंट चिन्मय पंडया, श्री पंचायती निरंजनी अखाड़े के आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी कैलाशानंद गिरि के साथ गोपूजन किया। उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय, महिला कल्याण, बाल विकास एवं पुष्टाहार मंत्री बेबीरानी मौर्य, पशुपालन एवं दुग्धविकास मंत्री धर्मपाल सिंह, गन्ना विकास एवं चीनी मिल मंत्री चौधरी लक्ष्मी नारायण भी मौजूद रहे।
ये भी होंगे शुरू
परखम में पशु आयुर्वेद एवं पारंपरिक ज्ञान में एक वर्षीय स्नातकोत्तर डिप्लोमा पाठ्यक्रम का विमोचन, अनुवादात्मक चिकित्सा में आयुर्वेद एवं पंचगव्य अनुसंधान केंद्र और श्री नंदीश्वर विद्यार्थी छात्रावास का लोकार्पण हुआ। आयुर्वेद कालेज एवं चिकित्सालय, पशु चिकित्सा महाविद्यालय और कर्मचारी आवासीय परिसर का शिलान्यास हुआ।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।