विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बेटा 10 नंबरी तो बाप भी कम नहीं, मथुरा में फर्जी ED अधिकारी के पिता पर मिले दरोगा के आई कार्ड

By Jitendra Kumar Gupta Edited By: Prateek Gupta
Published: Wed, 11 Nov 2026 08:01 PM (IST)

मथुरा में फर्जी ईडी अधिकारी बनकर रौब जमाने वाले सचिन शर्मा के पिता सुरेश शर्मा को भी गिरफ्तार कर लिया ...और पढ़ें

फर्जी ईडी अफसर और उसके पिता।

फर्जी ईडी अफसर और उसके पिता।

संवाद सूत्र, रिफाइनरी (मथुरा)। फर्जी ईडी अधिकारी बनकर लोगों पर रौब जमाने और एक महिला को धमकी देने के मामले में पकड़े गए सचिन शर्मा के पिता सुरेश शर्मा पर भी पुलिस ने शिकंजा कस दिया है। पिता ने दो उत्तर प्रदेश पुलिस में दारोगा के दो फर्जी आई कार्ड अपने ही नाम से बनवा रखे थे। पिता अपनी कार को टैक्सी में चलाता था, उसी कार में पुलिस की पी-कैप रखकर खुद को दारोगा बताता था।

मंगलवार को पकड़े गए पिता को पुलिस ने बुधवार को जेल भेज दिया, जबकि सचिन को मंगलवार को ही जेल भेज दिया गया था। सबसे बडी बात यह है कि ईडी मुख्यालय ने भी इस घटना का संज्ञान लिया है, पूरे मामले की रिपोर्ट ईडी ने मंगाई है।

फरह के दीनदयाल धाम स्थित नगला बर का रहने वाला सचिन शर्मा करीब दो वर्ष से ईडी अधिकारी बनकर जिले के अधिकारियों पर रौब जमा रहा था। सोमवार दोपहर वह सीओ रिफाइनरी कार्यालय पहुंचा। सीओ ने शक होने पर सचिन से ईडी अधिकारी होने का साक्ष्य मांगा तो वह सकपका गया। लखनऊ ईडी मुख्यालय से उसके फर्जी होने की पुष्टि होने पर उसे कार समेत गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में सचिन ने अपने पिता सुरेश शर्मा की भूमिका को लेकर भी पुलिस को जानकारी दी थी। पुलिस ने मंगलवार को सचिन को जेल भेज दिया। पिता के बैंक खाते से दो लोगों से ठगी के 32 लाख रुपये मिले। गोपालपुरा रांची बांगर की पूनम ने भी मंगलवार रात सचिन, पिता सुरेश समेत चार पर धमकी देने का मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने गिरफ्तार सुरेश शर्मा से पूछताछ की तो पुलिस में दारोगा के दो आई कार्ड मिले।

दोनों आई कार्ड में एक ही उल्लेख था और सुरेश शर्मा की फोटो लगी थी। उधर, मामले की गंभीरता को देखते हुए ईडी मुख्यालय ने भी प्रकरण का संज्ञान लिया है। बताया जा रहा है कि ईडी ने रिफाइनरी थाने से दर्ज मुकदमे की प्रति मांगी है। पुलिस और ईडी के स्तर से मामले से जुड़े दस्तावेजों और आरोपों की जानकारी जुटाई जा रही है।

सूत्र ने बताया यदि जांच में आर्थिक लेन-देन या धन के स्रोत से जुड़े तथ्य सामने आते हैं तो ईडी मामले में मुकदमा दर्ज करके मनी लांड्रिंग के पहलू की भी जांच कर सकती है। सीओ रिफाइनरी प्रवीण कुमार तिवारी ने बताया कि आरोपित पिता-पुत्र को जेल भेज दिया है। प्रकरण के अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।

वरिष्ठ अधिकारियों के मोबाइल से डिलीट हुआ नंबर

फर्जी ईडी अधिकारी सचिन शर्मा का मोबाइल नंबर जिले के कई वरिष्ठ न्यायिक और प्रशासनिक अधिकारियों के फोन में एडिशनल डायरेक्टर ईडी लखनऊ के नाम से सेव था। पहले दिन मामले का राजफाश होने के बाद ज्यादातर अधिकारियों ने अपने मोबाइल से उसका नंबर डिलीट कर दिया।

फर्जी पहचान का यह रुतबा अधिकारियों की फोन बुक तक पहुंचा हुआ था। अब इन सभी अधिकारियों को आरोपित सचिन शर्मा के फोन की सीडीआर में नंबर आने का डर सता रहा है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।