आदर्श बूथ में कारपेट पर चलकर वोट डालने पहुंचेंगे मतदाता
पिक बूथों पर महिलाएं संभालेंगी कमान
मथुरा, जासं। लोकसभा चुनाव 2019 में वोट डालते समय मतदाताओं को सुखद एहसास होगा। आदर्श बूथों पर कारपेट पर चलकर मतदाता बूथों तक पहुंचेंगे। पिक बूथों की कमान महिला कर्मचारियों के हाथ में नजर आएगी। बुधवार को आदर्श बूथ सजने लगे थे। मतदान के लिए सभी तैयारी लगभग पूरी हो चुकी थी।
मतदाताओं को लोकतंत्र के महापर्व में एक अच्छा वातावरण देने की कोशिश भी प्रशासन ने की है। बीएसए कॉलेज को आदर्श मतदान केंद्र बनाया गया है। यहां मतदाता कारपेट पर चलकर मतदान करने पहुंचेंगे। मतदाताओं के बैठने के लिए कुछ कुर्सियां बूथों के बाहर डाली जाएंगी। इसके अलावा प्रत्यक विधानसभा में आदर्श बूथ बनाए गए हैं। यह बूथ भी गुब्बारे आदि से सजाए जाएंगे। छाता में चार, मांट में पांच, गोवर्धन में तीन, मथुरा में पांच, बलदेव में पांच आदर्श बूथ बनाए गए हैं। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में एक-एक पिक बूथ भी बनाया गया है। इन बूथों की पूरी कमान महिला कर्मचारियों के हाथ में ही होगी। यह हैं आदर्श बूथ-
मथुरा विधानसभा में बीएसए कॉलेज, किशेरी रमण गर्ल्स इंटर कॉलेज, चंपा अग्रवाल इंटर कॉलेज, राजकीय इंटर कॉलेज, विधानसभा बलदेव में प्राथमिक विद्यालय रायपुर मई, प्राथमिक विद्यालय न्यू बलदेव, प्राथमिक विद्यालय भीमनगर, प्राथमिक विद्यालय रहीमपुर, प्राथमिक विद्यालय गोकुल, विधानसभा छाता में प्राथमिक विद्यालय कोटवन, प्राथमिक विद्यालय रनवारी, साधूलाल भार्गव कन्या इंटर कॉलेज निकट कोतवाली छाता, श्रीकृष्ण चेतन्य इंटर कॉलेज नंदगांव, मांट विधानसभा क्षेत्र में बृज आदर्श इंटर कॉलेज मांट मूला में तीन कक्ष, प्राथमिक विद्यालय छाहरी, प्राथमिक विद्यालय भीम, गोवर्धन विधानसभा में पूर्व माध्यमिक विद्यालय द्वितीय के तीन बूथ आदर्श बूथ बनाए गए हैं। यह हैं पिक बूथ (सखी बूथ)-
प्रेमदेवी गर्ल्स इंटर कॉलेज का कमरा नंबर चार, कन्या पूर्व माध्यमिक विद्यालय चौमुहां का कमरा नंबर दो, प्राथमिक विद्यालय मांट राजा कमरा नंबर दो, पूर्व माध्यमिक विद्यालय कमरा नंबर एक, नेहरू स्मारक विद्यालय महावन कमरा नंबर तीन।