मथुरा: यदि आपके यहां EESL का मीटर लगा है तो तुरंत बदलवा लें, अन्यथा बंद हो जाएगी बिजली
मथुरा में उपभोक्ताओं को EESL कंपनी के पुराने मीटर 31 जनवरी, 2027 से पहले बदलने होंगे, अन्यथा बिजली आपूर्ति बंद ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर।
जागरण संवाददाता, मथुरा। अगर आपके यहां ईईएसएल कंपनी का पुराना मीटर लगा है तो उसे तुरंत बदलवा लें। करार खत्म होने के बाद ये मीटर सिर्फ जनवरी, 2027 तक ही काम करेंगे। इसके बाद आपके घर एवं प्रतिष्ठान की आपूर्ति बंद हो जाएगी। बिलिंग आदि समस्याओं का भी सामना करना पड़ सकता है। इस तरह का संदेश इंटरनेट मीडिया पर डीवीवीएनएल द्वारा जारी किया गया है।
मथुरा में केंद्र सरकार के स्मार्ट मीटर नेशनल प्रोग्राम के तहत ईईएसएल कंपनी के स्मार्ट मीटर वर्ष 2018-19 में लगवाए गए थे।अब बीते वर्ष से आटोमेटिक रीडर मीटर लगवाए जा रहे हैं, लेकिन इन मीटरों को प्रीपेड मोड पर किए जाने के विरोध के कारण फिलहाल इनको लगाने का काम धीमा हो गया है। शहरी क्षेत्र में बड़ी संख्या में अभी नए मीटर लगना शेष हैं। इंटरनेट मीडिया पर डीवीवीएनएल द्वारा एक पोस्टर जारी किया गया है।
इसमें लिखा गया है कि जिन उपभोक्ताओं के यहां ईईएसएल कंपनी का मीटर लगा है तो उसे तुरंत बदलवा लें। अन्यथा ये मीटर 31 जनवरी, 2027 के बाद काम करना बंद कर देंगे। इससे उपभोक्ताओं को असुविधा होगी। इस तरह के संदेश को लेकर लोगों में खलबली मच गई है।
मुख्य अभियंता मुदित तिवारी ने बताया, पुरानी मीटर कंपनी का करार खत्म हो गया है। ऐसे में पुराने मीटरों के स्थान पर नए मीटर लगाए जा रहे हैं। उपभोक्ता नए मीटरों को लगवाने के लिए कार्यालय में प्रार्थना पत्र दे सकते हैं।
