देवोत्थान एकादशी पर गोवर्धन में उमड़ा आस्था का समुद्र, 10 हजार श्रद्धालुओं ने लगाई परिक्रमा
देवोत्थान एकादशी पर गोवर्धन में श्री राधारानी ब्रज यात्रा के दौरान करीब दस हजार श्रद्धालुओं ने गिरिराज परिक्रमा की। पूंछरी पड़ाव पर आस्था का अद्भुत संगम दिखा, जहां भक्त 'राधे-राधे' और 'गिरिराज धरण हम तेरी शरण' के जयघोष करते हुए विभिन्न लीला स्थलों के दर्शन किए।

संत पद्मश्री रमेश बाबा की तस्वीर के साथ परिक्रमा करते संत एवं श्रद्धालु।
HighLights
देवोत्थान एकादशी पर गोवर्धन में विशाल परिक्रमा।
भक्तों ने विभिन्न लीला स्थलों के दर्शन किए।
संवाद सूत्र, गोवर्धन (मथुरा)। हाथों में राधारानी का ध्वज, होठों पर गिरिराजजी के जयकारे और हृदय में ब्रजभूमि के दर्शन की अभिलाषा। श्री राधारानी ब्रज यात्रा के दो दिवसीय पूछरी पड़ाव के दूसरे दिन शुक्रवार को गिरिराज धरा पर आस्था का अद्भुत संगम दिखाई दिया। करीब दस हजार श्रद्धालु एक साथ परिक्रमा के लिए निकले तो पूरा गिरिराज परिक्रमा मार्ग भक्ति के रंग में रंग गया।
जगह-जगह पुष्पवर्षा और आरती से यात्रा का स्वागत किया गया। ब्रज के विरक्त संत पद्मश्री रमेश बाबा के चित्रपट के सानिध्य में निकली श्री राधारानी ब्रज यात्रा का पड़ाव शुक्रवार को भी पूंछरी में रहा। सुबह से ही श्रद्धालुओं का सैलाब गिरिराज परिक्रमा के लिए उमड़ पड़ा। 'गिरिराज धरण हम तेरी शरण' के जयघोष से सात कोस की परिक्रमा गुंजायमान हो उठी।
श्रद्धालुओं के कदम आगे बढ़ते रहे और वातावरण में राधे-राधे तथा गिरिराज महाराज के जयकारे गूंजते रहे। मानो हर भक्त गिरिराजजी की शरण में अपना सर्वस्व अर्पित करने आया हो। परिक्रमा के दौरान नृसिंह बाबा ने ब्रजवासी रसिया का गायन कर यात्रा की आध्यात्मिक महिमा का बखान किया। 'श्री राधारानी ब्रज यात्रा की शोभा लगे प्यारी, याकी कीरत जग में न्यारी' के स्वर सुनकर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे।
यात्रा में श्रद्धालुओं ने पूंछरी का लौठा, नवल कुंड, अप्सरा कुंड, ऐरावत कुंड, सुरभि कुंड, जतीपुरा मुखारविंद, श्रीनाथजी मंदिर, आन्यौर, चक्रेश्वर महादेव, उद्धव कुंड, राधाकुंड-श्यामकुंड, कुसुम सरोवर, मानसी गंगा, हरदेव मंदिर और दानघाटी सहित अनेक लीला स्थलों के दर्शन किए। सौंख अड्डा और आन्यौर में श्रद्धालुओं पर पुष्पवर्षा कर आरती उतारी गई।