विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मथुरा में पक्षियों को मिलेगा सुरक्षित आशियाना, संरक्षण के लिए वेटलैंड का हो रहा विकास

Published: Sat, 14 Nov 2026 06:54 PM (IST)

मथुरा में पक्षियों के संरक्षण और ईको-टूरिज्म को बढ़ावा देने के लिए वेटलैंड विकसित किए जा रहे हैं।

मथुरा : कोसीकलां के कोकिला वन स्थित वेटलैंड, इसे ईको पर्यटन के रूप में विकसित किया जा रहा है।

मथुरा : कोसीकलां के कोकिला वन स्थित वेटलैंड, इसे ईको पर्यटन के रूप में विकसित किया जा रहा है।

HighLights

  1. मथुरा में पक्षियों के संरक्षण के लिए वेटलैंड का विकास जारी।

  2. जोधपुर झाल, सौभरि वन, कोकिलावन प्रमुख वेटलैंड विकास स्थल।

  3. स्थानीय व प्रवासी पक्षियों को मिल रहा सुरक्षित प्राकृतिक आवास।

जागरण संवाददाता, मथुरा। कान्हा की नगरी में विकास की नई इबारत प्रकृति और पक्षियों के संरक्षण के साथ लिखी जा रही है। जिले में स्थानीय और प्रवासी पक्षियों को सुरक्षित प्राकृतिक आवास उपलब्ध कराने के लिए वेटलैंड विकसित किए जा रहे हैं।

इनका उद्देश्य केवल जल क्षेत्रों का सुंदरीकरण, ईको टूरिज्म को बढ़ावा देना ही नहीं, बल्कि पक्षियों के लिए सालभर अनुकूल वातावरण तैयार करना भी है। उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद और सामाजिक वानिकी प्रभाग की इस पहल से जिले के कई प्राकृतिक जलक्षेत्र पक्षियों के नए आशियाने के रूप में तैयार हो रहे हैं।

वेटलैंड विकास की इस मुहिम में जोधपुर झाल, सौभरि नगर वन, और कोकिलावन को प्रमुखता से विकसित किया जा रहा है। फरह ब्लाक के कोह गांव में करीब 64 हेक्टेयर क्षेत्र में फैली जोधपुर झाल को पक्षी संरक्षण और ईको टूरिज्म के महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में संवारा गया है। यहां स्थानीय पक्षियों के साथ सर्दियों में आने वाले प्रवासी परिंदों के लिए भी अनुकूल माहौल तैयार किया गया है।

वेटलैंड में पक्षियों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए पानी की उपलब्धता बनाए रखने, पौधारोपण और भोजन की व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया गया है। गर्मी के मौसम में पक्षियों को छाया और विश्राम मिल सके, इसके लिए तालाबों के आसपास पौधे लगाए गए हैं।

वहीं, जलीय पक्षियों के भोजन की उपलब्धता बढ़ाने के लिए तालाबों में मछलियों के बीज भी डाले जा रहे हैं। इससे जलीय पारिस्थितिकी को मजबूती मिलने के साथ पक्षियों को प्राकृतिक भोजन उपलब्ध कराने का प्रयास है। वृंदावन में सौभरि नगर वन में वेटलैंड विकसित हो चुका है।

छाता ब्लाक स्थित कोकिला वन के वेटलैंड को भी ईको टूरिज्म की तर्ज पर विकसित किया जा रहा है। यहां जलक्षेत्र को संवारने, जलकुंभी हटाने, कृत्रिम द्वीप बनाने, वाच टावर और सुरक्षा के लिए फेंसिंग का काम कराया जा रहा है। सर्दियों में दूर-दराज के क्षेत्रों से आने वाले प्रवासी पक्षियों के लिए यह क्षेत्र महत्वपूर्ण प्राकृतिक ठिकाना होगा। इन वेटलैंड में स्थानीय व प्रवासी परिंदे आ रहे हैं।

डीएफओ श्रीकर वेंकट पटेल ने बताया, वेटलैंड विकसित किए जा रहे हैं। आगे भी ये काम प्रस्तावित है। पक्षियों के अनुकूल वातावरण तैयार करने के साथ नए स्थलों के विकास की योजना भी बनाई जा रही है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।