विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पांच लाख दीपों से जगमगाएंगे ब्रज के घाट, देवों को मथुरा में दी जाएगी अनूठे अंदाज में विदाई

By Navneet Sharma Edited By: Prateek Gupta
Published: Mon, 23 Nov 2026 10:13 PM (IST)

कार्तिक पूर्णिमा पर मथुरा में देव दीपावली का भव्य आयोजन होगा, जिसमें यमुना के घाट पांच लाख दीपों से जगमगाएंगे। इस अवसर पर देवताओं को भावपूर्ण विदाई दी जाएगी, जिसके लिए प्रशासन और महोत्सव समिति ने व्यापक तैयारियां की हैं।

सांकेतिक तस्वीर।

सांकेतिक तस्वीर।

जागरण संवाददाता, मथुरा। कार्तिक पूर्णिमा पर मंगलवार को कान्हा की नगरी में आस्था और अध्यात्म का अद्भुत संगम दिखाई देगा। यमुना के तट दीपों की स्वर्णिम आभा से जगमगाएंगे और पांच लाख दीपों की रोशनी के बीच देवताओं को भावपूर्ण विदाई दी जाएगी। मथुरा से वृंदावन, गोकुल, गोवर्धन और नंदगांव तक घाटों पर दीपदान का भव्य आयोजन होगा।

यमुना की लहरों पर झिलमिलाते दीप और वातावरण में गूंजते मंत्रोच्चार तथा शंखनाद ब्रज की आध्यात्मिक छटा को अलौकिक बनाएंगे। धार्मिक मान्यता है कि देवशयनी एकादशी से देवोत्थान एकादशी तक देवता ब्रजभूमि में निवास करते हैं। कार्तिक पूर्णिमा पर दीपदान के साथ उन्हें विदाई दी जाती है। इसी परंपरा को जीवंत रखने के लिए देव दीपावली महोत्सव समिति ने व्यापक तैयारियां की हैं।

मंगलवार शाम पांच बजे से कृष्ण गंगा घाट से ध्रुव घाट तक यमुना के दोनों तटों पर दीपोत्सव की शुरुआत होगी। महोत्सव का शुभारंभ सती बुर्ज स्थित राजा घाट पर शंखध्वनि के बीच होगा। गोपाल वैष्णव पीठाधीश्वर यदुनंदन महाराज और वल्लभकुल संप्रदाय के आचार्य गोस्वामी पंकज बाबा महाराज दीप प्रज्वलित कर आयोजन का शुभारंभ करेंगे।

इस बार राजा घाट पर यमुना में 80 फीट लंबा प्लेटफार्म तैयार किया गया है, जिसे दीपों से सजाया जाएगा। घाटों पर दीपदान के साथ रंगों और फूलों से आकर्षक रंगोलियां भी बनाई जाएंगी। विद्यालयों के छात्र-छात्राएं इस व्यवस्था में सहयोग करेंगे।

महोत्सव समिति के अध्यक्ष सोहनलाल शर्मा और महामंत्री आचार्य ब्रजेंद्र नागर ने बताया कि इस बार आयोजन को और भव्य स्वरूप दिया जा रहा है। सभी घाटों के साथ केशव दुर्ग और कंस किले पर भी आकर्षक विद्युत सजावट होगी।

प्रशासन ने संभाली व्यवस्थाओं की कमान

महोत्सव की तैयारियों को लेकर समिति और जिला प्रशासन के अधिकारियों ने घाटों का निरीक्षण किया है। संयोजक सचिव एवं सिटी मजिस्ट्रेट अनुपम मिश्रा ने नगर निगम, जिला विद्यालय निरीक्षक, विकास प्राधिकरण, स्वास्थ्य, बिजली, पुलिस, यातायात और रिवर पुलिस के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं।

श्रद्धालुओं की सुरक्षा, यातायात और अन्य व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए हैं। दीपों की रोशनी से जगमगाते घाटों पर कार्तिक पूर्णिमा की रात ब्रज की भक्ति और परंपरा का अनुपम दृश्य साकार होगा।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।