विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मथुरा में स्कार्पियो-स्विफ्ट डिजायर की कार रेसिंग, आपस में टकराकर पलटीं कारें, पूर्व प्रधान की मौत

Published: Mon, 12 Oct 2026 04:38 PM (IST)

मथुरा में तेज रफ्तार स्कार्पियो और स्विफ्ट डिजायर की रेसिंग के दौरान हुए हादसे में एक पूर्व प्रधान की जान चली गई।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

जागरण संवाददाता, मथुरा। गांव सारस के समीप तेज रफ्तार कारों ने एक पूर्व प्रधान की जान ले ली। हाईवे पर स्कार्पियो और स्विफ्ट डिजायर कार के बीच रेस के दौरान सामने से आ रहे बाइक सवार को बचाने के प्रयास में दोनों वाहन अनियंत्रित होकर पहले आपस में टकरा गए। इसके बाद हादसे में स्विफ्ट डिजायर सड़क किनारे पेड़ में जा घुसी। यहां तिरपाल लगाकर चारपाई पर सो रहे 80 वर्षीय बुजुर्ग पूर्व प्रधान की मृत्यु हो गई।

यह है पूरी घटना

राया के गांव सारस निवासी कान्हा उर्फ कृष्णा और देवेंद्र रविवार सुबह आठ बजे स्विफ्ट डिजायर और स्कार्पियो से आपस में रेस लगा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे बाइक सवार को बचाने के प्रयास में दोनों कारें अनियंत्रित होकर आपस में टकरा गईं। तेज रफ्तार के चलते स्कार्पियो सड़क किनारे खेत में घुस गई।

वहीं, स्विफ्ट डिजायर कार कंजी के पेड़ से टकरा गई। कार की टक्कर से पेड़ टूट गया। इसके बाद पेड़ के पास ही तिरपाल में सो रहे पूर्व प्रधान अंगद सिंह को कार ने रौंद दिया। स्वजन उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।

स्वजन ने बताया कि पूर्व प्रधान अंगद सिंह का सादाबाद मार्ग पर खेत है। वह हाईवे किनारे अपने खेत में चार दुकानों का निर्माण करा रहे थे। सुबह नवनिर्मित दुकानों की पानी से तराई करते थे।

दुकान के समीप ही एक पेड़ के समीप उन्होंने तिरपाल डालकर चारपाई बिछा रखी है। इसमें वह थोड़ी देर आराम करते थे। रविवार सुबह हादसे में उनकी मृत्यु हो गई। हादसे में शामिल दोनों कारों पर नंबर प्लेट नहीं थी। दोनों कारों के चालक वाहन मौके पर छोड़कर भाग गए।

ग्रामीणों में तेज रफ्तार से वाहन चलाने को लेकर आक्रोश है। आरोपित कार चालक कान्हा के पिता जितेंद्र उर्फ जीतू गांव सारस के प्रधान थे। डेढ़ वर्ष पूर्व उनकी मृत्यु हो गई थी। पुलिस ने दोनों कारों को कब्जे में लेकर मामले में अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी है।

राया थाना प्रभारी कर्मवीर सिंह ने बताया कि जानकारी पर पता चला है कि दोनों युवक पूर्व में भी कई बार रेस लगा चुके हैं। आरोपितों के खेत हाईवे पर होने के कारण हाईवे अथॉरिटी की ओर से रुपये मिले हैं। इनसे उन्होंने कारें खरीदी थी।

दोनों ही अपनी गाड़ियों को स्वयं किराए पर चलाते हैं। रेस को लेकर पूर्व में चौकी इंचार्ज ने दोनों को समझाया भी था, लेकिन वह नहीं माने हैं। स्वजन की ओर से प्रार्थना-पत्र मिलने पर मुकदमा दर्ज करके कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें- मेरठ-करनाल हाईवे पर दर्दनाक हादसा, ट्रक ने टेंपो को मारी टक्कर और 100 मीटर तक घसीटा; तीन लोगों की मौके पर मौत

यह भी पढ़ें- आलीराजपुर में दर्दनाक हादसा: रेत खनन के पानी से भरे गड्ढे में डूबने से तीन मासूमों की मौत