मथुरा हाईवे पर खौफनाक मंजर, कार ने स्कूटी को आधा किलोमीटर तक घसीटा, चालक फरार
मथुरा में दिल्ली-आगरा हाईवे पर एक तेज रफ्तार कार ने स्कूटी को टक्कर मार दी। स्कूटी कार के पहिये में ...और पढ़ें

मथुरा में दुर्घटना के बाद कार में फंसी स्कूटी।
जागरण संवाददाता, मथुरा। दिल्ली आगरा हाईवे पर तेज रफ्तार कार का खौफनाक मंजर देखने को मिला। नवादा के समीप सोमवार दोपहर एक कार ने स्कूटी को टक्कर मार दी। इस दौरान स्कूटी कार के अगले पहिये में फंस गई। इसके बावजूद चालक ने कार रोकने के बजाय उसे आधा किलोमीटर से अधिक दूरी तक सड़क पर घसीटा। हादसे में स्कूटी चालक घायल हो गया।
लोगों के शोर मचाने पर कार को रोककर सवार मौके से फरार हो गए।पुलिस कार व स्कूटी को थाने ले आई है। फरह कस्बा के रहने वाले साहिल उर्फ शेखर सोमवार दोपहर तीन बजे मथुरा से वापस घर की ओर लौट रहे थे। हाईवे थाना क्षेत्र के नवादा के समीप तेज रफ्तार आगरा नंबर की कार ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। इसी दौरान स्कूटी कार के अगले पहिये में फंस गई। स्कूटी फंसने के बावजूद चालक लगातार कार दौड़ाता रहा।
पहिये में फंसी स्कूटी सड़क पर घिसटती चली गई। हादसे को देख सड़क पर मौजूद लोग हैरान रह गए। रिफाइनरी के बाद चौकी क्षेत्र में उपाध्याय पेट्रोल पंप के समीप लोगों ने शोर मचाया। इसके बाद चालक ने कार रोकी और मौके से फरार हो गया। मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। लोगों ने चालक को रोकने के बाद पुलिस को पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी।
पुलिस ने घायल साहिल को उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया है। बालाजीपुरम चौकी प्रभारी मांगेराम ने बताया कि कार और स्कूटी को थाने में खड़ा कराया है। घायल की हालत खतरे से बाहर है। प्रार्थना-पत्र मिलने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा। फिलहाल चालक की तलाश की जा रही है।