मथुरा में हाई अलर्ट...दीपावली पर धमाके की धमकी, मंदिरों से रेलवे स्टेशन तक कड़ी सुरक्षा
दीपावली से पहले मथुरा, काशी और अयोध्या में बम धमाके की धमकी वाला ई-मेल मिलने के बाद मथुरा में हाई ...और पढ़ें

श्रीकृष्ण जन्मस्थान।
HighLights
धार्मिक स्थलों, रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई।
साइबर टीम धमकी भरे ई-मेल की जांच में जुटी।
जागरण संवाददाता, मथुरा। दीपावली से पहले मथुरा, काशी और अयोध्या में बम धमाके की धमकी वाला ई-मेल मिलने से पुलिस-प्रशासन में खलबली मच गई। मथुरा को हाईअलर्ट पर रखते हुए धार्मिक स्थलों, रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड समेत संवेदनशील इलाकों की सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पुलिस की सतर्कता अब सड़क से लेकर सोशल मीडिया तक दिखाई दे रही है।
शहर में जगह-जगह संदिग्ध वाहनों और लोगों की चेकिंग कराई जा रही है। एसएसपी श्लोक कुमार ने श्रीकृष्ण जन्मभूमि पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और अधिकारियों को हर स्तर पर मुस्तैदी बरतने के निर्देश दिए। प्रमुख मंदिरों के आसपास पुलिस बल बढ़ाने के साथ थाना क्षेत्रों में लगातार गश्त की जा रही है। धमकी के बाद साइबर क्राइम टीम, एलआइयू, स्वाट, एसओजी और इंटरनेट मीडिया टीम को सक्रिय कर दिया गया है।
साइबर टीम नगर आयुक्त को भेजे गए ई-मेल की जांच में जुटी है। ई-मेल कहां से भेजा गया, इसके पीछे कौन है और धमकी कितनी गंभीर है, इसकी पड़ताल की जा रही है। पुलिस ने संवेदनशील स्थानों पर निगरानी बढ़ाते हुए संदिग्ध गतिविधियों पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
दीपावली के मद्देनजर बाजारों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में भी अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जा रहा है। एसपी सिटी राजीव कुमार सिंह का कहना है कि सुरक्षा में किसी भी स्तर पर ढिलाई नहीं बरती जाएगी और अफवाह फैलाने वालों पर भी कड़ी नजर रहेगी।