होरा से मिले केंद्रीय मंत्री, बोले होगी कार्रवाई
गिरिराज सिंह व संजीव बालियान ने की मुलाकात कार्रवाई को मांग पत्र भी सौंपा डीजीपी से भी की बात
मथुरा, जासं। भाजपाइयों और नगर निगम प्रशासन के बीच हो रही खींचतान के बीच भाजपाइयों का आक्रोश शांत करने को दो केंद्रीय मंत्रियों ने उनसे मुलाकात की। पीटे गए भाजपा नेता से मिलकर उन्हें कार्रवाई का आश्वासन दिया।
चार सितंबर को भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के जिलाध्यक्ष राजेंद्र सिंह होरा का नगर आयुक्त रविद्र कुमार मांदड़ से विवाद हो गया था। नगर आयुक्त और सहायक नगर आयुक्त के इशारे पर निगम कर्मचारियों पर मारपीट कर हाथ तोड़ने का आरोप होरा ने लगाया है। भाजपाइयों ने बीते दिनों बैठक कर दोषियों पर कार्रवाई न होने पर मथुरा बंद की धमकी दी थी। मामले को तूल पकड़ता देख मंगलवार को पार्टी के महानगर अध्यक्ष चेतन स्वरूप पाराशर और महापौर डॉ. मुकेश आर्य बंधु की मौजूदगी में केंद्रीय पशुधन मंत्री गिरिराज सिंह और डेयरी मंत्री संजीव बालियान ने कृष्णा होटल में होरा से मुलाकात की। कार्रवाई न होने पर अचरज भी जताया। दोनों मंत्री वेटेरिनरी विवि में प्रधानमंत्री के कार्यक्रमों की समीक्षा करने आए थे। गिरिराज सिंह ने इस मामले में डीजीपी से भी फोन पर वार्ता की। कार्यकर्ताओं ने उन्हें एक मांग पत्र भी सौंपा। इसमें नगर आयुक्त मांदड़ का तबादला, संयुक्त नगर आयुक्त अजीत कुमार सिंह का निलंबन और एफआइआर, बट मारकर हाथ तोड़ने वाले गनर का निलंबन के साथ उस पर मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तारी की मांग की है। मंत्रियों ने आश्वस्त किया कि वह प्रकरण से हाईकमान को अवगत कराएंगे। पार्षद हेमंत अग्रवाल, पार्षद राजेश सिंह पिटू, पार्षद रामदास चतुर्वेदी, संजय गोविल, योगेश आवा, ब्रजेंद्र नागर, राजेश चौधरी आदि मौजूद रहे। -मामले के जल्द समाधान की दिशा में सभी जुटे हुए हैं। प्रधानमंत्री के कार्यक्रम की व्यस्तताओं के चलते अधिकारियों और पार्टी पदाधिकारियों का सामंजस्य नहीं बैठ पा रहा है।
डॉ. मुकेश आर्य बंधु, महापौर