जमीन के विवाद को लेकर फायरिग, चार घायल
दोनों तरफ से दो लोग घायल हो गए। देर रात तक एक पक्ष ने आधा दर्जन लोगों के खिलाफ तहरीर दी।
संसू, बलदेव(मथुरा) : थाना क्षेत्र के गांव बल्टीगढ़ी में सोमवार रात एक भूखंड पर कब्जा किए जाने को लेकर दो पक्षों के बीच मारपीट के बाद फायरिग हो गई। दोनों तरफ से दो लोग घायल हो गए। देर रात तक एक पक्ष ने आधा दर्जन लोगों के खिलाफ तहरीर दी थी।
गांव बल्टीगढ़ी में एक भूखंड पर जयपाल और राजपाल अपना-अपना दावा कर रहे हैं। जयपाल सिंह ने भूखंड पर कब्जा किए जाने का आरोप लगाते हुए पूर्व में राजपाल, जगवीर आदि के खिलाफ एसएसपी और एसडीएम कार्यालय में शिकायत की थी। इसके बाद भी इस मामले को पुलिस प्रशासन ने गंभीरता से नहीं लिया गया। सोमवार की रात को राजपाल पक्ष भूखंड पर अपनी ट्रैक्टर ट्राली खड़ा कर रहा था। इसका जयपाल और उसके पुत्र अखिलेश ने विरोध किया। दोनों भूखंड पर अपना-अपना दावा करते हुए एक दूसरे के आमने-सामने आ गए। मारपीट के बाद फायरिग हो गई। इसमें जयपाल, उसका पुत्र अखिलेश और दूसरे पक्ष से जयपाल व जगवीर सिंह घायल हो गए। अखिलेश ने जयपाल, जगवीर सिंह को नामजद करते हुए आधा दर्जन लोगों के खिलाफ थाना बलदेव में तहरीर दी है। एसओ बलदेव एसके तोमर ने बताया, जमीन के विवाद को लेकर फायरिग हुई थी। अखिलेश की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया। दूसरे पक्ष की तरफ से कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है।
दो पक्ष आपस में भिड़े, दी तहरीर
कोसीकलां: कस्बा के बठैनगेट वाल्मीकि बस्ती में दो पक्ष आपस में भिड़ गए। दोनों पक्षों में जमकर लात घूंसे चले। दोनों ने एक-दूसरे पर आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी है। मंगलवार दोपहर वाल्मीकि वाल्मीकि बस्ती निवासी राजेंद्र व सोनू में आपसी लेन-देन को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते दोनों गुट आपस में भिड़ गए। जमकर हंगामा हुआ। मारपीट में दोनों पक्ष से लोग चुटैल हुए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने झगडा़ कर रहे लोगों को समझा-बुझाकर मामला शांत कराया। दोनों पक्षों के लोगों ने एक-दूसरे के खिलाफ मारपीट की तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जानकारी में जुटी है।