भोले के जयघोष से गूंजी कान्हा की नगरी
जागरण, संवाददाता, मथुरा: महाशिवरात्रि पर सारे रास्ते शिव मंदिरों की ओर ऐसे खुले कि श्या
जागरण, संवाददाता, मथुरा: महाशिवरात्रि पर सारे रास्ते शिव मंदिरों की ओर ऐसे खुले कि श्यामाश्याम की नगरी शिवमय हो गई। दिनभर भोले के जयघोष की ध्वनि गूंजायमान होती रही। शहर की चारों दिशाओं के मध्य स्थित भूतेश्वर महादेव, रंगेश्वर महादेव, पीपलेश्वर महादेव, गोकरननाथ महादेव, गल्तेश्वर महादेव आदि मंदिरों पर गंगाजल लेकर आए कांवड़ियों में भोलेनाथ का अभिषेक करने की होड़ लगी रही।
फाल्गुन माह की कृष्ण पक्ष की चौदस को मनाए जाने वाले महाशिवरात्रि के पर्व पर मथुरा नगरी बम-बम भोले के जयकारों से देर शाम तक गूंजती रही। भूतेश्वर महादेव मंदिर पर प्रात: काल से ही श्रद्धालुओं की भीड़ आना प्रारंभ हो गया। सेवायत भी विभिन्न माध्यमों से श्रद्धालुओं को क्रम से मंदिर में दर्शन कराने में लगे रहे। पुत्ररत्न की कामना से नवविवाहिताएं सुबह से ही सर पर जेहर धारण कर मंदिरों में चढ़ाने के लिए पहुंचीं। जहां कुछ के साथ बैंड चल रहा था वहीं अधिकांश महिलाएं गीत गाती हुई नई बहू के साथ शिव मंदिर पहुंचीं। ऐसा ही माहौल गोविंद नगर स्थित गल्तेश्वर महादेव मंदिर में देखने को मिला, जहां प्रात: काल से ही विभिन्न आभूषण धारण कर महिलाएं जेहर चढ़ाने के लिए पहुंची ¨कतु भीड़ की अधिकता के चलते मंदिर में जेहर चढ़ाने के लिए उन्हें काफी मशक्कत करनी पड़ी। मंदिर में सांयकाल के समय फूल बंगले का भी आयोजन किया गया।
विश्राम घाट के पास स्थित पिपलेश्वर महादेव मंदिर व जिला अस्पताल के सामने स्थित रंगेश्वर महादेव मंदिर पर दोपहर एक बजे श्रद्धालुओं की इतनी अधिक भीड़ थी कि मूल मंदिर में भोलेनाथ के दर्शन करना मुश्किल हो रहा था। श्रद्धालु द्वारा गंगा, दूध, दही, शहद, घी, बूरा आदि से भगवान भोलेनाथ का अभिषेक किया गया।
महाशिवरात्रि पर बेर, बतासे, बेलपत्र, धतूरा, फूल-माला एंव मिष्ठान्न आदि शिव¨लग पर चढ़ाने का विशेष महत्व होने के कारण दोपहर बाद कुछ मंदिरों के सामने बैठे मालियों के पास संपूर्ण पूजन सामग्री उपलब्ध न थी। ऐसा ही हाल नंद गांव के आशेश्वर महादेव, गोवर्धन के चकलेश्वर मंदिर पर देखने को मिला। मंदिरों के आसपास बच्चों को आकर्षित करने के लिए विभिन्न झूले एवं खेल खिलौने की भी स्टॉल लगाई गईं। कई मंदिरों में रात्रि जागरण के कारण भक्तिपूर्ण संगीत की प्रतिध्वनि देर रात बाद भी गूंजती रही।
रुद्रमहाअभिषेक किया
मथुरा: अखिल भारतीय तीर्थ पुरोहित महासंघ ने सप्तऋषि टीले के सामने द्वादश ज्योतिर्लिंग मंदिर पर रुद्रमहाअभिषेक किया। यमुना जल शुद्धि की कामना व विश्व कल्याण के लिए धार्मिक आयोजन को महासंघ के जिलाध्यक्ष यज्ञाचार्य पं. देवदत्त ने कराया। इस मौके पर प्रयागनाथ चतुर्वेदी, आचार्य ब्रजेन्द्र नागर, अजय चतुर्वेदी, ओमप्रकाश लवानियां, त्रिलोकीनाथ कौशिक, राम पचौरी आदि मौजूद थे।