एक्सप्रेस वे के मांट टोल पर वाहनों की लंबी कतार
रविवार को नोएडा की ओर ट्रैफिक का रहा भारी दबाव दो किमी लंबी लगी कतार धार्मिक नगरी और अपने घर से लौट रहे लोगों से बढ़ा दबाव
संवाद सूत्र, सुरीर: यमुना एक्सप्रेस वे पर रविवार को आगरा से नोएडा की ओर ट्रैफिक का भारी दबाव बढ़ गया। जिससे मांट टोल पर जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई। टोल पास करने के इंतजार में वाहनों की लंबी कतारें लग गई। जिसे काबू में करने के लिए एक्सप्रेस वे कर्मियों को काफी जिद्दोजहद करनी पड़ी।
रविवार को दिल्ली और नोएडा में नौकरी कर रहे आगरा, इटावा, मैनपुरी, इलाहाबाद, कानपुर व लखनऊ की ओर से तमाम लोग नए साल की छुट्टी मनाने के बाद रविवार को यमुना एक्सप्रेस वे पर होकर वापस लौट रहे थे। इसके अलावा एनसीआर के तमाम लोग मथुरा व वृंदावन में मंदिरों के दर्शन कर वापस लौट रहे थे। जिससे यमुना एक्सप्रेस वे पर वाहनों की तादात बढ़नी शुरू हो गई। नोएडा की ओर जा रहे वाहनों की मांट टोल पर लंबी कतार लग जाने से टोल पास करने के लिए वाहन अपनी बारी का इंतजार करने लगे। देर शाम मांट टोल पर ट्रैफिक का काफी दबाव बढ़ गया था। जिससे आगरा से नोएडा की ओर जाने वाली साइड पर करीब दो किलोमीटर से अधिक लंबी वाहनों की कतार लग गई। जिससे मांट टोल पर जाम जैसी स्थिति उत्पन्न होने से अफरातफरी मचनी शुरू हो गई। यमुना एक्सप्रेस वे पर रोजाना 20 से 22 हजार वाहन निकल रहे थे, लेकिन नया साल मना कर वापस लौटने की वजह से रविवार शाम तक मांट टोल पर दोनों ओर से करीब 40 हजार से अधिक वाहन निकल चुके थे। टोल प्लाजा आपरेशन मैनेजर सईद रफी अहमद रिजवी ने बताया कि नया साल मना कर वापस लौटने से नोएडा की ओर ट्रैफिक का दबाव रविवार शाम को काफी बढ़ गया। ट्रैफिक को बढ़ते देख टोल पास कराने में सुलभता के लिए प्रत्येक रोड की लाइन में बैरिकेडिग और कैसन टैप लगाया गया। टोल वसूलने में समय लगता है, जिससे चलते वाहनों को टोल पास करने के लिए कुछ देर इंतजार करना पड़ा।