रामनवमी पर श्रीकृष्ण जन्मस्थान से अयोध्या श्रीराम जन्मभूमि जाएगा विशेष प्रसाद, तैयारी पूरी
श्रीकृष्ण जन्मस्थान सेवा संस्थान, मथुरा, रामनवमी पर अयोध्या के श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र को प्रसाद भेजेगा। सोमवार को 11 मन ...और पढ़ें

श्रीराम मंदिर अयोध्या। जागरण
HighLights
श्रीकृष्ण जन्मस्थान से अयोध्या श्रीराम जन्मभूमि को भेजा जाएगा प्रसाद।
रामनवमी 27 मार्च को रामलला को अर्पित होगा यह प्रसाद।
11 मन पंजीरी, लड्डू, फल और रामलला के वस्त्र शामिल।
जागरण संवाददाता, मथुरा। श्रीकृष्ण जन्मस्थान सेवा संस्थान के तत्वावधान में श्रीकृष्ण जन्मस्थान से श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र अयोध्या धाम को प्रसाद सोमवार की सुबह 10 जाएगा। श्री कृष्ण जन्मस्थान ने प्रसाद भेजने की तैयारी कर ली है।
श्रीकृष्ण जन्मस्थान सेवा संस्थान के सचिव कपिल शर्मा ने बताया कि सनातन की ध्वजा को दृढ़तापूर्वक धारण कर भगवान श्रीराम की सेवा में समर्पित संत स्वरूप चंपतराय, राजेंद्र सिंह, पंकज के परामर्श से श्रीकृष्ण जन्मस्थान व श्रीराम जन्मभूमि के मध्य यह पावन नवाचार भगवान श्रीकृष्ण व भगवान श्रीराम के भक्तों को आनंदित करेगा।
11 मन धनिया की पंजीरी, लड्डू, फल, पंचमेवा, प्रभु श्री रामलला के वस्त्र, शृंगार मंदिर के प्रभारी जनसंपर्क विजय बहादुर सिंह, डा. संजय अग्रवाल सुसज्जित वाहन में लेकर अयोध्या जाएंगे। यह सामग्री 27 मार्च रामनवमी के अवसर पर रामलला को भेंट होगी।
श्रीकाशी विश्वनाथ धाम व श्रीकृष्ण जन्मस्थान के मध्य शिवरात्रि व होली पर आध्यात्मिक नवाचार पूर्व में ही आरंभ हो चुका है। इस विशिष्ट नवाचार के आरंभ होने से राम, कृष्ण, शिव की त्रिवेणी के दर्शन होंगे।
यह भी पढ़ें- मथुरा में बनेगी 40 करोड़ की मल्टीलेवल पार्किंग, जन्मभूमि मार्ग पर कम होगा वाहनों का दबाव
संस्थान की प्रबंध समिति के सदस्य गोपेश्वरनाथ चतुर्वेदी ने बताया कि रामनवमी पर देश-विदेश के साथ-साथ ब्रजभूमि में भी बहुत ही धूमधाम से मनाई जाती है। रामनवमी के अवसर पर श्रीकृष्ण जन्मस्थान के भागवत भवन में विराजमान श्रीरामजी मंदिर में भगवान श्रीराम का दिव्य जन्माभिषेक किया जाएगा।
पुष्प-बंगला सजाया जाएगा। श्रीरामचरित मानस का पाठ व भंडारे का आयोजन होगा। काशी, मथुरा और अयोध्या के मध्य समन्वय से ही सनातन धर्म अपने स्वर्णिम शिखर को पुनः प्राप्त करेगा।
