विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

करवा चौथ पर सराफा बाजार में रौनक, हल्के और ट्रेंडी आभूषणों की धूम; पत्नी को गिफ्ट देने के लिए गहने खरीद रहे पति

Published: Sun, 18 Oct 2026 09:35 PM (IST)

करवा चौथ पर्व को लेकर सुहागिन महिलाओं में उत्साह है, पति अपनी जीवनसंगिनी के लिए आभूषण खरीद रहे हैं।

मथुरा: शहर में होली गेट मार्ग स्थित विनोद ज्वेलर्स की दुकान पर आभूषण पसंद करते ग्राहक। फोटो जागरण

मथुरा: शहर में होली गेट मार्ग स्थित विनोद ज्वेलर्स की दुकान पर आभूषण पसंद करते ग्राहक। फोटो जागरण

HighLights

  1. करवा चौथ पर सुहागिनों में आभूषण खरीदने का उत्साह।

  2. सराफा बाजार में हल्के और ट्रेंडी आभूषणों की मांग।

  3. पति अपनी पत्नियों के लिए उपहार खरीद रहे हैं।

जागरण संवाददाता, मथुरा। पति की लंबी आयु के प्रतीक करवा चौथ पर्व को लेकर सुहागिन महिलाओं में खासा उत्साह दिख रहा है। पति अपनी जीवनसंगिनी को खुश रखने के लिए आभूषण समेत कई कीमती उपहार गिफ्ट करने की तैयारी में जुट चुके हैं। सराफा बाजार भी दुल्हन की तरह सज गया है। इस बार हल्के व ट्रेंडी आभूषणों की सर्वाधिक मांग है।

करवा चौथ का त्योहार भुनाने के लिए सराफा कारोबारियों ने दुकानों को आकर्षक ढंग से सजा रखा है। बाजारों और बड़े आभूषण शोरूम में ग्राहकों की आवाजाही शुरू हो गई है।

बाजार में हल्के वजन के आकर्षक और आधुनिक आभूषण

खास बात यह है कि आज सोने और चांदी के ऊंचे बाजार भाव को ध्यान में रखते हुए, सराफा व्यापारियों ने हल्के वजन के आकर्षक और आधुनिक डिजाइन वाले आभूषण बाजार में उतारे हैं, जो महिलाओं को पहली नजर में ही पसंद आ रहे हैं।

डायमंड-कट ईयररिंग, छोटे और सुंदर टाप्स, गोल्ड पेंडेंट सेट, लाइट-वेट नथ या अंगूठियां अधिक खरीदी जा रही हैं। चांदी की डिजाइनर बिछिया और पायल का क्रेज भी अधिक है। सराफा कारोबारी कंचनलाल अग्रवाल ने बताया, अधिकांश लोग हल्के वजन में टाप्स, ईयररिंग एवं चांदी के बिछुआ खरीद रहे हैं।

सराफा कारोबारी सुधीर अग्रवाल ने बताया, पति अपनी पत्नी के लिए अंगूठी, टाप्स अधिक खरीद रहे हैं। अवधपुरी कालोनी की गृहणी राजकुमारी कहती हैं कि हर वर्ष हमारे पति हमें आभूषण गिफ्ट करते हैं। इस बार भी गिफ्ट को लेकर मैं उत्सुक हूं।

गिफ्ट की दुकानों पर भी ग्राहकों की भीड़

करवा चौथ पर हर पति अपनी पत्नी को अपनी सामर्थ्य के अनुसार गिफ्ट देता है। समय नजदीक आने के साथ पति आकर्षक उपहार खरीद रहे हैं। एक वर्ग ऐसा भी है जो आभूषण के बजाय साड़ी एवं अन्य आकर्षक उपहार खरीद रहे हैं। इसको लेकर अन्य सामान की दुकानें भी सज गई हैं। ग्राहकों को देख दुकानदारों के चेहरे खिले हुए हैं।

करवा चौथ को लेकर बाजार में अच्छी रौनक लौट आई है। लोग अपनी पसंद और बजट के हिसाब से आभूषण खरीद रहे हैं। सोने के ऊंचे दामों को देखते हुए हमारे यहां लाइट-वेट और ट्रेंडी कलेक्शन उपलब्ध है।

-आशीष अग्रवाल, सर्राफ, विनोद ज्वेलर्स, होलीगेट।

यह भी पढ़ें- ज‍िद पर आईं पत्‍न‍ियां तो पत‍ियों को क‍िडनी बेचने की आएगी नौबत, करवाचौथ के पहले नौलखा हार के पार जा पहुंचा बनारस का सराफा बाजार

यह भी पढ़ें- आखिर क्यों करवा चौथ और हरितालिका तीज से भी ज्यादा कठिन है जितिया व्रत, क्या है इसके पीछे की वजह?