आइजी बोले, महिला संबंधी अपराधों में तत्काल हो कार्रवाई
संत समागम स्थल का निरीक्षण कर परखी सुरक्षा व्यवस्था बोले फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाया जाए अभियान
जागरण संवाददाता, मथुरा : आइजी ने सोमवार को संत समागम स्थल का निरीक्षण करने के बाद सुरक्षा का प्लान पर लेकर अधिकारियों के साथ बैठक की। कहा, संत समागम स्थल की सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे। इसके साथ ही आइजी ने महिला संबंधी अपराधों में आरोपितों की तेजी से गिरफ्तारी किए जाने के भी निर्देश दिए।
आइजी ए सतीश गणेश सोमवार को अपने दो दिवसीय दौरे पर मथुरा आए हुए हैं। पहले दिन उन्होंने एसएसपी कार्यालय का निरीक्षण करने के बाद थाना राया और सदर बाजार थाने का निरीक्षण किया। थानों में अभिलेखों का रखरखाव और पुलिस कर्मियों के आवासों को भी देखा। फरियादियों से भी पूछताछ की। इसके बाद वह वृंदावन में आयोजित होने जा रहे संत समागम स्थल पर पहुंचे। यहां चल रहे कार्यों का अवलोकन किया और संत समागम की सुरक्षा को लेकर तैयार किए गए प्लान पर भी चर्चा की। राजपत्रित अधिकारियों की बुलाई बैठक में कहा कि संत समागम स्थल की सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता की जाए। आइजी ने बताया, 16 फरवरी से शुरू हो रहे संत समागम की सभी तैयारियां मुख्यमंत्री की मंशा के आधार पर ही की जा रही हैं। उनका कहना था, किसी भी सफल आयोजन के लिए सुरक्षा, सुगमता और स्वच्छता मूलभूत उद्देश्य होते हैं। सुरक्षा का दायित्व पुलिस पर है, इसलिए स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा का प्लान तैयार किया जा रहा है। संत समागम में आने वाले श्रद्धालुओं के साथ संतों को भी सुरक्षा का सुखद अनुभव हो, यही प्रयास किए जा रहे हैं। आइजी ने महिला संबंधी अपराधों में तेजी से गिरफ्तारी किए जाने के भी निर्देश दिए और कहा कि फरार चल रहे अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाए जाए। लगातार संबंधित थाना प्रभारियों को इसके लिए देनी होगी। जल्द से जल्द अपराधियों को सलाखों के अंदर भेजें। उन्होंने कोहरे और सर्द रातों में आपराधिक घटनाएं अधिक होती हैं, इसलिए रात में पुलिस की गश्त बढ़ाई जाए। वह आपराधिक मामले जिनका अभी तक पर्दाफाश नहीं हुआ है। उनका भी राजफाश किया जाए। उन्होंने कहा कि थाने पर आने वाले हर फरियादी की शिकायत सुनकर उसका निस्तारण किया जाए, इसमें लापरवाही पर संबंधित थाना प्रभारी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। लंबित विवेचनाओं के निस्तारण में भी तेजी लाई जाए। मंगलवार को आइजी पुलिस लाइन का निरीक्षण करेंगे।