हे खुदा, मेरे मुल्क में अमन-चैन कायम रखना
ईद की नमाज में अल्लाह से मांगी दुआ गले मिलकर दी बधाई लिया सेवईं का स्वाद
मथुरा, जासं। बुधवार का दिन देशभर समेत मथुरा के लिए भी खास रहा। रमजान के लगभग 30 दिन के लंबे इंतजार के बाद ईद का मौका आया। लोगों ने नमाज अता करने के बाद गले मिलकर एक-दूसरे को त्योहार की बधाई दी। इसके बाद जमकर सेवईं का स्वाद लिया गया। घरों में मेहमानों की आवभगत का सिलसिला पूरे दिन चलता रहा।
तड़के ही घरों में चहलपहल शुरू हो गई है। सेवईं और व्यंजन तैयार होने लगे। बच्चे, बढ़े, बुजुर्ग नए कपड़े पहन मस्जिदों का रुख करने लगे। सबसे ज्यादा विहंगम नजारा डीगगेट स्थित शाही ईदगाह का था। सड़कों पर हजारों की संख्या में लोग अल्लाह की इबादत को एकजुट होने लगे। लगभग 8.30 बजे भारी पुलिस फोर्स के बीच नमाज अता की गई। इसमें मुल्क में अमन चैन की दुआ मांगी गई। इसके बाद शुरू हो गया ईद मुबारक का सिलसिला। सभी ने एकदूसरे को गले मिलकर बधाई देना शुरू कर दिया। इस दौरान राजनैतिक पार्टी के कई नेता तथा पुलिस-प्रशासन के कई आला अधिकारी भी मौजूद रहे। जिसमें विधायक पूरन प्रकाश, पूर्व विधायक प्रदीप माथुर, पूर्व मंत्री सरदार सिंह, प्रदीप गोस्वामी, रालोद नेता कुंवर नरेंद्र सिंह, महेश पाठक, शहर अध्यक्ष कांग्रेस आबिद हुसैन, ताराचंद गोस्वामी, रियाजुददीन, लोकेश शर्मा, तनु कटारा, राजेश शर्मा एड., धर्म सिंह, राजू चौहान, बांके बिहारी, मान सिंह, डीएम सर्वज्ञ राम मिश्र, एसएसपी सत्यार्थ अनिरुद्ध पंकज, नगरायुक्त समीर वर्मा, सिटी मजिस्ट्रेट मनोज सिंह, एसपी सिटी राजेश कुमार सिंह, एसपी ट्रेफिक डॉ. ब्रजेश कुमार सिंह, सीओ विनय सिंह चौहान आदि मौजूद रहे। इधर, छावनी स्थित स्टेशन मस्जिद में बड़ी तादाद में मुस्लिम और आर्मी के जवान व अफसरों ने मिलकर त्योहार मनाया। शो रहे हाउसफुल: त्योहार में फुल मस्ती का मूड रहता है। इस दौरान भी कुछ ऐसा ही माहौल था। लोगों ने मेहमानों से मिलने के बाद मूवी का लुत्फ लिया। ईद पर सलमान खान की नई रिलीज मूवी भारत के लगभग सभी शो हाउसफुल रहे। इसी बीच जमकर खानपान भी चला। शाम होते ही रेस्टोरेंट गुलजार हो उठे।
180 बंदियों ने जेल में मनाई ईद
जासं, मथुरा: जिला कारागार में ईद उल फितर का त्योहार उत्साह के साथ मनाया गया। सुबह आठ बजे करीब जेल में बंद करीब 180 बंदी और कैदियों ने नमाज अदा करते हुए अपने गुनाहों की माफी मांगी, अल्लाह से देश में अमन-चैन की दुआएं की गईं। जेल में बंद करीब 1665 बंदी और कैदियों में 180 मुस्लिम हैं, इनमें 21 महिलाएं हैं। 30 दिन तक इन सभी ने रोजे रखे। ईद के दौरान अन्य बंदियों ने भी मुस्लिम भाइयों को गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी। इस दौरान सेवईं और अन्य व्यंजन नमाजियों को परोसे गए।