पति ने की दूसरी शादी, पत्नी ने काटा हंगामा
राजीव भवन के समाज कल्याण विभाग में तैनात है लिपिक ढाई वर्ष पहले ही आया है कन्हैया की नगरी
जागरण संवाददाता, मथुरा: गुरुवार दोपहर को राजीव भवन में एक महिला ने जमकर हंगामा काटा। कार्यालय में तैनात कर्मचारियों ने किसी तरह से उसे शांत किया। इसके बाद वह महिला सीधे एसएसपी कार्यालय पहुंची। यहां उसने पति द्वारा दूसरी शादी किए जाने को लेकर आक्रोश जताया। साथ ही पति के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
दरअसल, इलाहाबाद के मूल निवासी एक लिपिक राजीव भवन के समाज कल्याण विभाग में तैनात हैं। वह ढाई वर्ष पूर्व ही स्थानांतरण कराकर यहां आये हैं। कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार वर्तमान में लिपिक गोवर्धन चौराहा के पास एक कॉलोनी में रह रहे हैं। यहां लिपिक के तीन बेटे साथ रहते हैं, जबकि पत्नी इलाहाबाद में रहती है। यहीं पर लिपिक ने दूसरी शादी कर ली। इसकी जानकारी जब इलाहाबाद में रह रही पत्नी को हुई तो वह मथुरा के राजीव भवन पहुंची। लिपिक को इसकी जानकारी हुई तो वह मौके से खिसक लिया। पत्नी ने समाज कल्याण विभाग में जमकर हंगामा काटा। करीब एक घंटे तक अफरा-तफरी रही। राजीव भवन के सभी कर्मचारी इधर से उधर हो गए। तमाम प्रयासों के बाद किसी तरह महिला को शांत किया। इसके बाद महिला एसएसपी कार्यालय पहुंच गई। जहां उसने पति के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।