विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 02, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Banke Bihari Mandir में दर्शन काे उमड़ी भारी भीड़ से हालात बिगड़े; घरों में कैद हुए स्थानीय लोग, व्यवस्था फेल

By Jagran NewsEdited By: Abhishek Saxena
Published: Mon, 02 Oct 2023 03:43 PM (IST)Updated: Mon, 02 Oct 2023 03:46 PM (IST)

Banke Bihari Mandir Vrindavan Mathura News

Mathura News: बांकेबिहारी के दर्शन को भीड़ से बिगड़े हालात, आपाधापी में जूझते पहुंचे भक्त
Mathura News: बांकेबिहारी के दर्शन को भीड़ से बिगड़े हालात, आपाधापी में जूझते पहुंचे भक्त

HighLights

  1. लंबे वीकेंड में बड़ी संख्या वृंदावन में पहुंचे श्रद्धालु
  2. सोमवार को एक साथ पहुंची भीड़ ने बिगाड़े हालात

संवाद सहयोगी, वृंदावन/मथुरा। ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर में सोमवार को भी भक्तों की भारी भीड़ दर्शन के लिए उमड़ी। हालात ये कि जगह जगह बैरिकेडिंग पर रोके जाने के बाद जब मंदिर के चबूतरे तक श्रद्धालु पहुंच रहे थे, तो उनके सब्र का बांध टूट रहा था और श्रद्धालुओं की भीड़ में आपाधापी का माहौल बन रहा था।

एक-दूसरे को पीछे धकियाने की कोशिश में श्रद्धालुओं को कठिनाइयों से मंदिर के अंदर प्रवेश मिला। घंटों इंतजार के बाद जब आराध्य के दर्शन मिले, तो मंदिर के अंदर भी भीड़ के दबाव में सहूलियत से झलक नहीं मिल रही थी। भीड़ का दबाव ऐसा कि प्रशासन और मंदिर प्रबंधन की हर व्यवस्था फेल ही साबित हुई।

गांधी जयंती पर लाखों की भीड़ दर्शन के लिए उमड़ी

ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर में सोमवार को गांधी जयंती की छुट्टी पर लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ दर्शन के लिए उमड़ पड़ी। मंदिर के पट खुलने से पहले ही हजारों की भीड़ बाजार में मौजूद थी। हरिनिकुंज चौराहा से विद्यापीठ चौराहा से होते हुए मंदिर की गली नंबर तीन तक भक्तों का ऐसा हुजूम कि पूरा बाजार भक्तों की भीड़ से पट गया। यही हालात परिक्रमा मार्ग के जुगलघाट से मंदिर के गेट संख्या दो तक बने रहे।

ये भी पढ़ेंः लांग वीकेंड में बनाइये आगरा का प्लान, लाइन का झंझट छोड़कर ताज की टिकट पहले से करें बुक, मजे से देखें स्मारक

पूरे रास्ते में श्रद्धालुओं की भीड़ के दबाव में स्थानीय लोग भी अपने घरों में कैद होकर रह गए। सुबह शुरू हुई भीड़ दोपहर को मंदिर के पट बंद होने तक टूटने का नाम नहीं ले रही थी। मंदिर के पट बंद हुए तब भी हजारों श्रद्धालु दर्शन से वंचित रह गए। जो शाम को मंदिर के दर्शन खुलने का इंतजार करने को आसपास ही डेरा डालकर बैठ गए।

ये भी पढ़ेंः Gandhi Jayanti पर गुड न्यूज; आई लव मेरठ के साथ बापू के आकर्षक स्टैचू के साथ लीजिए अपनी सेल्फी, यहां लगा स्टेचू

निधिवन दर्शन करने को भी उमड़ी भीड़

ठाकुर बांकेबिहारी की प्राकट्य स्थली निधिवन राज मंदिर में भी सोमवार को श्रद्धालुओं की भीड़ का दबाव ऐसा कि विशाल खुला क्षेत्र होने के बावजूद मंदिर पूरी तरह श्रद्धालुओं की भीड़ से भरा था।

घरों में कैद हुए स्थानीय लोग

ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर में भीड़ का दबाव ऐसा कि हरिनिकुंज से लेकर बांकेबिहारी मार्केट, बिहारीपुरा, मनीपाड़ा, गोवर्धन दरवाजा, पुराना शहर, जंगलकट्टी इलाके में लोग अपने घरों से बाहर नहीं निकल पा रहे थे। रोजमर्रा की खरीदारी के लिए भी लोग घर से नहीं निकल सके और घरों में कैद होकर रह गए। दुकानों पर भी सन्नाटा पसरा रहा। दिनभर व्यापारी हाथ पर हाथ धरे बैठे रहे।