Move to Jagran APP

हाईवे पर हरियाणा के डेयरी संचालक की गोली मारकर हत्या

स्वजन बोले पुलिस कर रही थी पीछा बैरियर पर गाड़ी रुकने पर मारी गोलीपुलिस ने पीछा कर रहे अज्ञात बाइक सवारों द्वारा गोली मारने की लिखाई रिपोर्ट

By JagranEdited By: Published: Sun, 29 Nov 2020 06:45 AM (IST)Updated: Sun, 29 Nov 2020 06:45 AM (IST)
हाईवे पर हरियाणा के डेयरी संचालक की गोली मारकर हत्या
हाईवे पर हरियाणा के डेयरी संचालक की गोली मारकर हत्या

जागरण संवाददाता, मथुरा: छाता थाना क्षेत्र में आगरा-दिल्ली नेशनल हाईवे पर शुक्रवार रात हरियाणा के डेयरी संचालक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। स्वजन पुलिस पर ही पीछा कर गोली मारने का आरोप लगा रहे हैं, लेकिन उन्होंने तहरीर नहीं दी है। पुलिस ने बाइक सवार अज्ञात बदमाशों के खिलाफ गोली मारकर हत्या करने की रिपोर्ट दर्ज की है। एसएसपी गौरव ग्रोवर ने मामले की जांच सीओ मांट धर्मेद्र चौहान को सौंपी है।

loksabha election banner

हरियाणा के नूंह जिले के थाना पुन्हाना क्षेत्र के गांव जमालगढ़ निवासी नाजिल उर्फ नाजिम (30) शुक्रवार रात करीब 11 बजे टाटा सूमो से पनीर लेकर भतीजे निसार के साथ आगरा जा रहे थे। थाना कोसीकलां की पुलिस चौकी कोटवन पर रात 12.15 बजे सीओ छाता जगदीश कालीरमन पुलिस फोर्स के साथ चेकिग कर रहे थे। रात करीब एक बजे केडी मेडिकल कालेज छाता के पास नाजिल को गोली मार दी गई। सीओ के मुताबिक, होडल की तरफ से आ रही सूमो को उन्होंने बार्डर पर रोकने का प्रयास किया था। मगर, चालक नाजिल ने गाड़ी नहीं रोकी। पीछे से आ रही ईको वैन के लोगों ने पुलिस को बताया कि सूमो के पीछे बाइक सवार बदमाश लगे हैं। इसी बीच बिना नंबर की एक पल्सर बाइक तेजी से निकली। उन्होंने दोनों वाहनों का पीछा किया। केडी मेडिकल कालेज पुलिस चौकी के पास लगे पुलिस बैरियर के कारण टाटा सूमो व बाइक रुक गई। वह उतरकर सूमो की तरफ बढ़े ही थे कि बाइक पर पीछे बैठे व्यक्ति ने फायरिग कर दी। पुलिस के फायर करने पर दोनों बदमाश बाइक से भाग गए। पुलिस ने टाटा सूमो के पास जाकर देखा तो चालक नाजिल स्टेयरिग के ऊपर घायल पड़ा था। नाजिल का भतीजा निसार भाग चुका था। गर्दन और कंधे पर गोली लगने से घायल नाजिल को पुलिस केडी अस्पताल ले गई, जहां उसकी मौत हो गई।

स्वजन का आरोप, नहीं दी तहरीर

पुलिस की सूचना पर नाजिल के भाई खादिम, चचेरा भाई खुर्शीद अहमद, भांजा इंसानू, उटावड़ निवासी बहनोई जमशेद और अन्य स्वजन दोपहर बाद थाना कोसीकलां पहुंचे। यहां एसपी देहात श्रीश चंद्र के सामने खादिम ने पुलिस पर नाजिल की गोली मारकर हत्या करने का आरोप लगाया। मृतक के भांजे इंसानू ने बताया कि वह मामा खादिम के साथ क्रीम लेकर नाजिल की गाड़ी से करीब दो किमी पीछे चल रहा था। नाजिल ने फोन कर बताया था कि पुलिस उसका पीछा कर रही है। इंसानू ने बताया कि कुछ देर बाद वह लोग घटनास्थल पर पहुंचे तो नाजिल को गोली मारने की जानकारी मिली। एसपी देहात ने इन आरोप की तहरीर मांगी, लेकिन वह स्वजन ने कोई तहरीर नहीं दी। सीओ छाता जगदीश कालीरमन ने मोटरसाइकिल सवार दो अज्ञात बदमाशों के खिलाफ नाजिल की हत्या किए जाने की रिपोर्ट दर्ज कराई है। इसमें लूट या फिर हत्या के मकसद से गोली मारने का जिक्र किया गया है।

पोस्टमार्टम में मिले 12 बोर के छर्रे:

एसएसपी डा. गौरव ग्रोवर ने बताया, मृतक की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में 12 बोर के छर्रे लगने से नाजिल की मौत होना पाया गया है। छर्रे उसकी गर्दन और कंधे में लगे थे। देर शाम एडीजी अजय आनंद और आइजी ए सतीश गणेश भी मौके पर पहुंचे और घटना के बाबत जानकारी ली।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.