विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

द्वापरयुगीन परंपरा का साक्षी बनेगा गोवर्धन, गिरिराजजी के आंगन में सजेगा अन्नकूट का पर्वत

By Vineet Kumar Mishra Edited By: Prateek Gupta
Published: Mon, 09 Nov 2026 08:18 PM (IST)

गोवर्धन में द्वापरयुगीन परंपरा के अनुसार गोवर्धन पूजा और अन्नकूट महोत्सव का आयोजन होगा। गिरिराज महाराज के आंगन में देश-विदेश ...और पढ़ें

गोवर्धन में अन्नकूट का भोग लगाने के लिए टोकरियां लेकर जाते श्रद्धालु।

गोवर्धन में अन्नकूट का भोग लगाने के लिए टोकरियां लेकर जाते श्रद्धालु।

संवाद सूत्र, गोवर्धन (मथुरा)। द्वापरयुग में भगवान श्रीकृष्ण ने स्वयं ब्रजवासियों के साथ गोवर्धन पूजा कर अन्नकूट का भोग समर्पित किया था। उसी द्वापरयुगीन परंपरा का साक्षी बनने के लिए कल मंगलवार को गोवर्धन की पावन धरा पर आस्था और भक्ति का महासंगम होगा। कलियुग के देव गिरिराज महाराज के आंगन में देश-विदेश की संस्कृतियों का अनूठा संगम दिखाई देगा।

भारतीय परिधान में सजे विदेशी श्रद्धालु भी सात कोस वाले गिरिराज प्रभु की भक्ति में लीन होकर उनका गुणगान करेंगे। गोवर्धन की तलहटी में मिनी विश्व का नजारा दिखाई देगा। गोवर्धन पूजा महोत्सव पर भोर होते ही गिरिराजजी की शिलाओं पर दूध की अभिषेक धारा प्रवाहित होने लगेगी। श्रद्धालुओं की ओर से दूध, दही, घी, शहद और पंचामृत से गिरिराजजी का अभिषेक किया जाएगा।

देर शाम तक परिक्रमा मार्ग में जयकारों की गूंज सुनाई देगी। भक्त सिर पर अन्नकूट प्रसाद की छबरिया रखकर प्रभु के दरबार में पहुंचेंगे और विविध पकवानों का भोग समर्पित करेंगे।

परिक्रमा मार्ग पर चलेगा रेला

गोवर्धन की परिक्रमा में भक्ति का ऐसा सैलाब उमड़ेगा कि परिक्रमा मार्ग में तिल रखने तक की जगह नहीं बचेगी। देशी-विदेशी श्रद्धालु भजन-कीर्तन की धुनों पर झूमते हुए सात कोस की परिक्रमा लगाएंगे। राधाकुंड मार्ग स्थित गौड़ीय मठ से भी बड़ी संख्या में भक्त छबरिया लेकर गिरिराजजी को अन्नकूट भोग लगाने पहुंचेंगे। राधाकुंड परिक्रमा में गिरिराजजी का पंचामृत अभिषेक कर अन्नकूट प्रसाद समर्पित किया जाएगा।

इतिहास में अंकित आन्यौर का अन्नकूट स्थल एक बार फिर द्वापरयुगीन परंपरा का गवाह बनेगा। ब्रज निष्ठ संत कन्हैया बाबा के सानिध्य में नंदगांव, बरसाना, गोवर्धन, आन्यौर, जतीपुरा, राधाकुंड और परासौली के ब्रजवासी अपने घरों से तैयार कच्चे-पक्के पकवान लेकर पहुंचेंगे। सामूहिक रूप से गिरिराजजी को अन्नकूट प्रसाद समर्पित कर ब्रज की पुरातन परंपरा का निर्वहन करेंगे।

हरदेव मंदिर में गोस्वामी समाज की ओर से अन्नकूट महोत्सव को भव्यता प्रदान की जाएगी। दानघाटी मंदिर और मुकुट मुखारविंद मंदिर के सेवायत समाज की ओर से भी गिरिराज प्रभु को अन्नकूट का भोग लगाया जाएगा। मुकुट मुखारविंद मंदिर के सेवायत परिवार की महिलाएं भी सिर पर छबरिया रखकर गिरिराजजी की पूजा-अर्चना में सहभागिता करेंगी। समूचा ब्रजमंडल अपने आराध्य गिरिराज महाराज के यशोगान में सराबोर नजर आएगा।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।