विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गोकुल और बलदेव में पर्यटन को मिलेगी नई उड़ान, 90 लाख की लागत से बनेंगे दो हेलीपैड

Published: Fri, 27 Nov 2026 02:13 PM (IST)

ब्रज के धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए गोकुल और बलदेव में दो नए हेलीपैड बनाने की योजना है। इससे हवाई संपर्क बेहतर होगा, श्रद्धालुओं को सुविधा मिलेगी और स्थानीय अर्थव्यवस्था को गति मिलेगी।    

तस्वीर- जागरण आर्काइव।

तस्वीर- जागरण आर्काइव।

HighLights

  1. गोकुल-बलदेव में दो नए हेलीपैड बनाने की योजना।

  2. प्रत्येक हेलीपैड पर लगभग 90 लाख रुपये का खर्च।

  3. धार्मिक पर्यटन और स्थानीय रोजगार को मिलेगा बढ़ावा।

जागरण संवाददाता, मथुरा। ब्रज के धार्मिक और सांस्कृतिक पर्यटन को नई ऊंचाई देने की दिशा में गोकुल और बलदेव के लिए महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। इन दोनों धार्मिक स्थलों को हवाई संपर्क से जोड़ने के लिए दो अलग-अलग हेलीपैड बनाने की योजना तैयार की गई है।

गोकुल में रसखान समाधि स्थल के समीप और बलदेव में मेला स्थल के पास हेलीपैड का निर्माण प्रस्तावित है। दोनों स्थानों पर तीन-तीन हजार वर्गमीटर जमीन चिह्नित की गई है। प्रत्येक हेलीपैड के निर्माण पर करीब 90 लाख रुपये खर्च होने का अनुमान है।

भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं की भूमि गोकुल और दाऊजी महाराज की नगरी बलदेव धार्मिक पर्यटन के लिहाज से विशेष महत्व रखते हैं। यहां वर्षभर श्रद्धालुओं का आवागमन बना रहता है।

गोकुल में श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं से जुड़े मंदिर और धार्मिक स्थल हैं तो बलदेव में दाऊजी महाराज का प्रसिद्ध मंदिर और ऐतिहासिक लक्खी मेला देशभर के श्रद्धालुओं को आकर्षित करता है। इसके बावजूद इन दोनों क्षेत्रों में पर्यटन सुविधाओं और आवागमन के संसाधनों को और बेहतर बनाने की जरूरत महसूस की जाती रही है।

इसी जरूरत को ध्यान में रखते हुए क्षेत्रीय विधायक पूरन प्रकाश के प्रस्ताव पर लोक निर्माण विभाग निर्माण खंड-1 ने हेलीपैड निर्माण की कार्ययोजना तैयार की है। विभाग की ओर से विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) और टेंडर प्रक्रिया के लिए शासन से स्वीकृति मांगी गई है। शासन की मंजूरी मिलने के बाद निर्माण संबंधी प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।

हेलीपैड बनने से वीवीआइपी आगमन के साथ ही कम समय में ब्रज के धार्मिक स्थलों के दर्शन करने के इच्छुक श्रद्धालुओं और पर्यटकों को भी सुविधा मिल सकेगी। विशेष धार्मिक आयोजनों और मेलों के दौरान भी इनका उपयोग महत्वपूर्ण साबित हो सकता है। इससे गोकुल और बलदेव की पर्यटन मानचित्र पर पहचान और मजबूत होने की उम्मीद है।

इस पहल का लाभ केवल धार्मिक पर्यटन तक सीमित नहीं रहेगा। पर्यटकों की आवाजाही बढ़ने से स्थानीय होटल, रेस्टोरेंट, परिवहन, प्रसाद, पूजा सामग्री और हस्तशिल्प से जुड़े कारोबार को भी गति मिल सकती है। रोजगार के नए अवसर पैदा होने की संभावना भी है। गोकुल में रसखान समाधि स्थल के आसपास पर्यटन गतिविधियों के विस्तार में भी यह योजना मददगार हो सकती है। फिलहाल इस क्षेत्र में कार्ष्णि गुरु शरणानंद के आश्रम स्थित हेलीपैड का उपयोग किया जाता रहा है।

फोरलेन सड़क की कमी बनी चुनौती

गोकुल-बलदेव क्षेत्र में पर्यटन की संभावनाएं लगातार बढ़ रही हैं, लेकिन सड़क कनेक्टिविटी अभी भी बड़ी चुनौती है। क्षेत्र में फिलहाल एक भी फोरलेन सड़क नहीं है। प्रमुख धार्मिक आयोजनों और पर्यटन सीजन में श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने पर संकरे मार्गों पर यातायात का दबाव बढ़ जाता है।

ऐसे में हेलीपैड निर्माण को आवागमन के वैकल्पिक साधन विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। हालांकि, क्षेत्र में पर्यटन को व्यवस्थित गति देने के लिए सड़क मार्गों का चौड़ीकरण और यातायात सुविधाओं का विस्तार भी जरूरी होगा।

दोनों हेलीपैड पर खर्च होंगे 1.80 करोड़

प्रस्तावित दोनों हेलीपैड के लिए तीन-तीन हजार वर्गमीटर भूमि चिह्नित की गई है। लोक निर्माण विभाग के आकलन के अनुसार प्रत्येक हेलीपैड के निर्माण पर लगभग 90 लाख रुपये खर्च होंगे। इस तरह दोनों परियोजनाओं की कुल अनुमानित लागत 1.80 करोड़ रुपये होगी। निर्माण के लिए डीपीआर और टेंडर प्रक्रिया की स्वीकृति शासन से मांगी गई है।

गोकुल और बलदेव धार्मिक पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थल हैं। यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक पहुंचते हैं। बेहतर हवाई संपर्क उपलब्ध कराने के उद्देश्य से दो हेलीपैड बनाने की कार्ययोजना तैयार कराई गई है। इससे इन धार्मिक स्थलों तक पहुंच आसान होगी और पर्यटन गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।

- पूरन प्रकाश, विधायक बलदेव

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।