हत्या कर एक्सप्रेस वे पर फेंकी युवती की लाश
यमुना एक्सप्रेस वे पर रविवार तड़के युवती की लाश मिलने से सनसनी फैल गई। उसकी हत्या कर शव का यहां फेंका गया। मृतका की पहचान नहीं हो सकी है। कातिलों की तलाश के लिए पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। नोएडा और दिल्ली पुलिस से संपर्क किया गया है।
सुरीर: यमुना एक्सप्रेस वे पर रविवार तड़के युवती की लाश मिलने से सनसनी फैल गई। उसकी हत्या कर शव को यहां फेंका गया है। मृतका की पहचान नहीं हो सकी है। कातिलों की तलाश के लिए पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। नोएडा और दिल्ली पुलिस से संपर्क किया गया है।
सुरीर कोतवाली क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेस वे के माइल स्टोन 91 पर नोएडा-आगरा मार्ग किनारे एक पच्चीस वर्षीय युवती का शव पड़ा हुआ था। उसके मुंह से झाग निकल रहे थे, जबकि गले पर भी दबाए जाने के निशान थे। मृतका छींटदार लाल और काले रंग का सलावर पहने हुए थीं। उसके गले में काला सफेद दुपट्टा पड़ा हुआ था।
एसपी ग्रामीण आदित्य कुमार शुक्ला, सीओ मांट विनय चौहान और इंस्पेक्टर अनूप सरोज घटनास्थल का मौका मुआयना किया। फॉरेंसिक टीम ने फिगर प्रिट लिए। डॉग स्क्वायड भी घटना स्थल पर बुला लिया गया है, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। एसपी देहात ने आसपास के लोगों से भी शव की पहचान कराई गई, लेकिन पुलिस को कोई जानकारी नहीं मिल सकी।
इंस्पेक्टर अनूप सरोज का कहना था कि युवती की हत्या किसी दूसरे स्थान पर की गई है और शव को यहां लाकर फेंका गया है। मृतका से ऐसी कोई सामग्री बरामद नहीं हुई, जिससे उसकी पहचान हो सके। मृतका का फोटो दिल्ली, नोएडा और गाजियाबाद पुलिस को भेजे गए हैं। एक्सप्रेस वे के सीसीटीवी के फुटेज भी देखे जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही युवती की मौत के कारण स्पष्ट हो पाएंगे। प्रारंभिक जांच में पुलिस दुष्कर्म की संभावना से इन्कार कर रही है।