कालिदी में इतना मलबा 12 साल में नहीं देखा
बारिश के चलते राम और कृष्ण घाट पर जमा हो गया था कई टन कूड़ा चौक पड़े लोग बोले कभी नहीं आया इतना कचरा 25 फीसद अभी रह गया
मथुरा, जागरण संवाददाता। यमुना की सफाई को लेकर मुद्दा इस चुनाव में भी रहा। प्रत्याशियों ने समाधान के वादे भी किए हैं। पिछली बार के चुनाव में भी किए थे, लेकिन दो दिन पूर्व ही कालिंदी की दशा देखने वाला शायद कोई नहीं था। हाल में हुई बारिश के चलते राम घाट और कृष्ण घाट पर टनों मलबा एकत्रित हो गया था। स्थानीय लोग भी एक बार को कह पड़े कि इतना मलबा तो 12 सालों में नहीं देखा।
17 अप्रैल को कई इलाकों में अच्छी बारिश पड़ी थी। मौसम सुहावना हो गया था, लेकिन इसके साथ यमुना को दाग भी दे गया। पानी और हवा के बहाव में टनों कूड़ा घाटों पर जमा हो गया। एक बार को जिसने भी देखा वह चौंक उठा। स्थानीय निवासी और खुद को यमुना भक्त बताने वाले राजेश पाठक कहते हैं कि उन्होंने 12 साल में इतना कूड़ा यमुना में जमा होते नहीं देखा। राम और कृष्ण घाट पर यह आकर जमा हो गया। मतदान वाले दिन यही स्थिति बनी रही। किसी को फुर्सत नहीं थी। लिहाजा, अगले दिन कर्मचारियों ने कूड़ा निकाला। लगभग दो से ढाई टन कचरा निकला होगा। अभी भी 25 फीसद के लगभग रह गया है। अमित भारद्वाज ने बताया कि यह कूड़ा सामान्य दिनों से कई गुना ज्यादा था। इसलिए भी अधिक लग रहा था कि एक ही जगह पर आकर मलबा जमा हो गया था।