Move to Jagran APP

गंगा दशहरा : यमुना में लगी आस्था की डुबकी

सुबह से ही यमुना के घाटों पर पहुंचने लगे थे श्रद्धालु यमुना मैया की हुई जय-जयकार बही आस्था की बयार

By JagranEdited By: Published: Mon, 21 Jun 2021 05:24 AM (IST)Updated: Mon, 21 Jun 2021 05:24 AM (IST)
गंगा दशहरा : यमुना में लगी आस्था की डुबकी

संवाद सहयोगी, मथुरा : गंगा दशहरा पर सुबह से ही श्रद्धालुओं ने यमुना पूजन कर आस्था की डुबकी लगाई। घाटों पर यमुना मैया की जय-जयकार होती रही। यमुना घाट आस्था से सराबोर हो गए। श्रद्धालुओं ने श्रीकृष्ण जन्मभूमि पर पहुंचकर प्रभु के दर्शन किए।

loksabha election banner

रविवार को सुबह से ही यमुना घाट आस्था से लबालब होने लगे। श्रद्धालु यमुना पूजन कर यमुना में स्नान कर रहे थे। यमुना घाटों पर आस्था की बयार बह रही थी। यमुना मैया के जयघोष वातावरण में आस्था की मिठास घोल रहे थे। विश्रामघाट पर श्रद्धालुओं का रेला उमड़ता रहा। यमुना स्नान के बाद मंदिरों के भी दर्शन किए। गंगा दशहरा पर निगम की टीम भी साफ-सफाई को लेकर मुस्तैद रही। सुरक्षा के मद्देनजर गोताखोर तैनात रहे। सुबह से शाम तक श्रद्धालु यमुना स्नान के लिए आते रहे। समाज सेवियों ने जगह-जगह प्याऊ लगाईं। लोगों ने सुख-शांति के लिए दान-पुण्य भी किया। कुछ मंदिरों के पट बंद रहे तो श्रीकृष्ण जन्म स्थान के दर्शन कर सुख-शांति के साथ कोरोना से मुक्ति को भी प्रार्थना की। दशहरा पर घरों में पकवान बनाए गए। मथुरा, वृंदावन, गोकुल, बलदेव, महावन आदि क्षेत्र में श्रद्धालुओं ने यमुना स्नान किया। वृंदावन में देवराह बाबा घाट, केशीघाट, श्रृंगारवट घाट, सूरजघाट पर श्रद्धालुओं ने स्नान किया।

प्राचीन मंदिर श्रीकेशव देव में फूल बंगला सजाया गया। सेवायत शंकर लाल गोस्वामी, मुन्नीलाल गोस्वामी, श्यामाचरण गोस्वामी, गौरव गोस्वामी द्वारा अभिषेक कराया गया। भगवान को जलेबी, कचौड़ी, केशर गुलाब, शरबत का प्रसाद लगाया गया। ठाकुरजी को नवीन वस्त्र धारण कराए गए। सेवक दिलीप पांडे, बीएल गुप्ता द्वारा प्रसाद वितरित किया गया। मनमोहन, महेश गोयल द्वारा भजन सुनाए गए। मंदिर में विराजमान गिर्राज महाराज का फूल बंगला सजाया गया। संस्थान अध्यक्ष सोहनलाल शर्मा, सुरेश अग्रवाल, मीडिया प्रभारी नारायण प्रसाद शर्मा, मुरलीधर शर्मा, आचार्य बृजेंद्र नागर, दीपक शर्मा, पीपी शर्मा, अतुल शोरा मौजूद रहे। शरबत का किया वितरण-

नवयुवक सेवा संघ ने घाटी बहालराय के तिराहा पर ठंडाई, मैंगो शेक, मिल्क रोज का वितरण किया। पुजारी राजू, पारुल पुनेठा, अनिल शर्मा, वीरू सोनी, अनीष अग्रवाल, मनीष वर्मा, हरिओम वर्मा मौजूद रहे। श्रद्धा की पदचाप जगा गई रोजगार की उम्मीद-

संसू, गोवर्धन : कोरोना काल के सन्नाटे में व्यापार का सूखा झेल रही गिरिराज तलहटी, गंगा दशहरा पर श्रद्धा की फुहारें देख मुस्करा उठी। परिक्रमा मार्ग और मानसीगंगा के घाट श्रद्धा से गुलजार रहे। श्रद्धालुओं का आवागमन तलहटी के वाशिदों को रोजगार की उम्मीदें लेकर आया।

रविवार को गंगा दशहरा पर भक्तों का रुख ब्रज की गंगा की तरफ हुआ तो सूना पड़ा परिक्रमा मार्ग मुस्कराने लगा। सात कोसीय परिक्रमा मार्ग में गिरिराज महाराज के जयकारे गूंजने लगे। गोवर्धन क्षेत्र की अर्थ व्यवस्था श्रद्धालुओं के आवागमन पर टिकी है। कोरोना संक्रमण के व्यवस्था चरमरा गई। गंगा दशहरा पर भक्त उमड़े तो स्थानीय में रोजगार की उम्मीद जगा गए। रात भर परिक्रमा मार्ग भक्तों से गुलजार रहा। सेवाभावी भी शरबत, पकौड़े, मिठाई लेकर परिक्रमार्थियों की सेवा में जुटे रहे। मानसीगंगा पर भोर से ही स्नान करने वालों की भीड़ लगी रही। श्री माथुर चतुर्वेद परिषद ने की लोगों की सहायता

मथुरा : श्री माथुर चतुर्वेद परिषद की ओर से गंगा दशहरा पर विश्रामघाट स्थित कार्यालय से लोगों की मदद की। श्री माथुर चतुर्वेद परिषद के मुख्य संरक्षक, अखिल भारतीय तीर्थ पुरोहित महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष महेश पाठक ने वर्चुअल संबोधन के माध्यम से लोगों को सेवा कार्य के प्रति प्रेरित किया। अध्यक्ष राकेश चतुर्वेदी, महामंत्री एड. राकेश तिवारी, मनोज पाठक, संजय एल्पाइन, योगेंद्र चतुर्वेदी, कमल चतुर्वेदी, संजीव चतुर्वेदी, राजकुमार, अनिल चतुर्वेदी, नीरज चतुर्वेदी, आशीष चतुर्वेदी, अमित बौहरे, बादाम छाप मौजूद रहे।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.