पुलिस, पैरामिलिट्री के पहरे में हुई जुमे की नमाज
जागरण संवाददाता मथुरा हिदू संगठनों की धमकी के बीच जुमे की नमाज पर शहर की मिश्रित आबा
जागरण संवाददाता, मथुरा: हिदू संगठनों की धमकी के बीच जुमे की नमाज पर शहर की मिश्रित आबादी और शाही मस्जिद ईदगाह का इलाका छावनी में तब्दील हो गया। पुलिस और पैरामिलिट्री का पहरा रहा। ईदगाह में आधार कार्ड देखने के बाद ही नमाजियों को प्रवेश दिया गया। कड़ी सुरक्षा के बीच शांति से नमाज अदा की गई।
हिदू संगठनों ने छह दिसंबर को शाही मस्जिद ईदगाह में जलाभिषेक करने और पदयात्रा निकालने की घोषणा की थी। पुलिस प्रशासन की सख्ती के बाद संगठनों ने कार्यक्रम स्थगित कर दिए। मगर, पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। शुक्रवार को जुमे की नमाज के मद्देनजर गुरुवार शाम से ही शहर में करीब ढाई हजार पुलिसकर्मी और अर्द्धसैनिक बल के जवान तैनात कर दिए गए। डीग गेट, भरतपुर गेट, दरेसी, डीग गेट, मेवाती मुहल्ला, मछली मंडी आदि मिश्रित आबादी वाले एक दर्जन क्षेत्रों को पूरी तरह छावनी में तब्दील कर दिया गया। डीएम नवनीत सिंह चहल, एसएसपी डा. गौरव ग्रोवर लगातार निरीक्षण करते रहे। नमाज अदा करने आने वाले लोगों को आधार कार्ड देखकर ही ईदगाह में प्रवेश दिया गया। बाहर से आए कुछ लोगों को प्रवेश नहीं दिया गया। ईदगाह के अंदर मोबाइल फोन ले जाने की अनुमति नहीं दी गई। मस्जिद वाले मार्गों पर बैरियर लगा बड़े वाहनों का प्रवेश रोक दिया गया। छत पर सादा कपड़ों में तैनात रहे पुलिसकर्मी
भीड़ पर नजर रखने के लिए शाही मस्जिद ईदगाह के आसपास छतों पर सादा कपड़ों में पुलिसकर्मी तैनात किए गए थे। नमाज के बाद आसपास की दुकानों पर खड़े लोगों को पुलिस ने तत्काल हटाया। जिले भर में की गई निगरानी
शाही मस्जिद ईदगाह के साथ ही जिले भर में मस्जिदों पर पुलिस बल निगरानी रही। राया में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए मिश्रित आबादी वाले इलाके में ड्रोन से निगरानी की गई। छाता में कोतवाली प्रभारी अशोक कुमार ने मस्जिदों के आसपास के इलाके का निरीक्षण किया। कोसीकलां में भी पुलिस प्रशासन ने मिश्रित आबादी क्षेत्र की सघन निगरानी की। वर्जन
पूरे इलाके की सघन निगरानी की गई थी। एहतियातन लोगों को आधार कार्ड देखने के बाद ही प्रवेश दिया गया। जुमे की नमाज सकुशल संपन्न हो गई।
-डा. गौरव ग्रोवर, एसएसपी।