कोसीकलां की 14 करोड़ की चोरी का 'चालाक चोर' दबोचा: 11 टीमों ने रातभर दी दबिश, पूर्व कर्मचारी ने चुराया था सोना
कोसीकलां के सर्राफ जुगल किशोर अमित कुमार एंड संस के शोरूम से 10.5 किलो सोना और 15 लाख नकदी चोरी ...और पढ़ें

मथुरा में चोरी की वारदात के बाद पहुंची पुलिस टीम। जागरण
HighLights
कोसीकलां सर्राफ शोरूम से 10.5 किलो सोना, 15 लाख नकदी चोरी।
पूर्व कर्मचारी पप्पू ने अकेले ही वारदात को दिया अंजाम।
पुलिस ने पप्पू को हिरासत में लिया, सोना-नकदी बरामद।
जागरण संवाददाता, मथुरा। कोसीकलां में रविवार रात कस्बे के सबसे बड़े सर्राफ जुगल किशोर अमित कुमार एंड संस के शोरूम में 10.50 किलो सोना और 15 लाख की नकदी उन्हीं के पुराने कर्मचारी पप्पू ने चुराई थी। उसने अकेले ही इस वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने देर रात पप्पू को हिरासत में ले लिया है। सूत्रों का कहना है कि उसके पास से सोना बरामद भी हो गया है।
हालांकि इस मामले में पुलिस अभी कुछ बोल नहीं रही है। लेकिन शाम तक पुलिस पूरी घटना का पर्दाफाश कर सकती है।
अकेले ही की थी वारदात, पुलिस आज करेगी पर्दाफाश
कोसीकलां में सराफा बाजार स्थित जुगल किशोर अमित कुमार एंड संस के शोरूम में रात में पड़ोसी दुकान की छत से चढ़े चोर ने जीने में लगा दरवाजा काटा, इसके बाद शोरूम में दाखिल हुआ। शोरूम के स्ट्रांग रूम का दरवाजा भी उसने काटा। फिर वहां रखी चाबी से तिजोरी खोली। यहां रखा साढ़े दस किलो सोना और 15 लाख रुपये नकद पार कर दी। चोर सात घंटे तक शोरूम के अंदर रहा। मुंह ढककर आते-जाते समय उसका चेहरा सीसीटीवी में कैद हो गया।

11 टीमों ने रात भर दबिश दी, हिरासत में लिया
सर्राफ ने कद-काठी के मुताबिक, उसके अपने पूर्व कर्मचारी पप्पू के होने की आशंका जताई। पुलिस की 11 टीमों ने रात भर तलाश की। कोसीकलां के ही रहने वाले पप्पू को हिरासत में ले लिया गया है। सूत्रों का कहना है कि उसके पास से आठ किलो सोना और 12 लाख रुपये की नकदी बरामद हुई है। लेकिन पुलिस अभी इस पूरे मामले में कुछ नहीं बोल रही है। एसएसपी का कहना है कि मामले में आरोपित की जांच की जा रही है।
