Encroachment in Mathura: अतिक्रमण हटाने गए निगम दस्ते को व्यापारियों ने घेरा, सड़क पर बैठे
Encroachment in Mathura होली गेट पर दुकानों के आगे नालियों के ऊपर डाले गए पत्थर हटाने गई नगर निगम की टीम को व्यापारियों ने घेर लिया।
मथुरा, जेएनएन। शुक्रवार दोपहर शहर के हृदय स्थल होली गेट पर दुकानों के आगे नालियों के ऊपर डाले गए पत्थर हटाने गई नगर निगम की टीम को व्यापारियों ने घेर लिया। व्यापारियों ने पत्थर हटाने का विरोध किया। आरोप लगाया कि पत्थर हट जाने से दुकान का सामान नाले में गिरेगा और ग्राहक भी गिरकर चोटिल हो सकता है। नाराज व्यापारियों की निगम टीम से झड़प हुई। व्यापारी सड़क पर बैठ गए और नारेबाजी करने लगे। टीम के साथ मौजूद डिप्टी कलक्टर राजीव उपाध्याय ने भी समझाने की कोशिश की, लेकिन व्यापारी नहीं मानें। भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा, तो व्यापारी इधर-उधर हो गए।
दोपहर करीब एक बजे सहायक नगर आयुक्त धीरेंद्र कुमार और डिप्टी कलक्टर राजीव उपाध्याय निगम टीम और पुलिस बल के साथ अतिक्रमण हटाने पहुंचे। यहां पर टीम को नालियों के ऊपर रखे गए पत्थर हटाने थे। इससे नालियों की सफाई में दिक्कत आती है। इस पर व्यापारियों ने टीम को घेर लिया। आरोप लगाया कि बिना पहले सूचना दिए टीम पत्थर हटाने आ गई। जबकि पत्थर नहीं होंगे तो दुकान का सामान नाले में गिरेगा और ग्राहक भी इस नाले में गिरकर चोटिल हो सकते हैं। काफी देर तक निगम अधिकारियों और व्यापारियों के बीच झड़प होती रही। इस बीच सूचना पर भारी पुलिस बल होली गेट पहुंच गया। ये देख व्यापारी इधर उधर खिसकने लगे। गहमा-गहमी के बीच निगम की टीम अभियान शुरू नहीं कर सकी थी।