आखिरी दिन जोश भरेंगे गठबंधन के शीर्ष नेता
मथुरा जासं। लोकसभा चुनाव के लिए 18 अप्रैल को मतदान होगा। प्रचार के आखिरी दिन 16 अप्रैल को गठबंधन प्रत्याशियों के पक्ष में रैली के माध्यम से वोटरों में जोश भरने के लिए बसपा सुप्रीमो मायावती सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव रालोद मुखिया अजित सिंह आएंगे। यह साझा रैली आगरा फतेहपुर सीकरी और मथुरा के गठबंधन प्रत्याशी के पक्ष में होगी।
जागरण संवाददाता, मथुरा: लोकसभा चुनाव के लिए 18 अप्रैल को मतदान होगा। प्रचार के आखिरी दिन 16 अप्रैल को गठबंधन प्रत्याशियों के पक्ष में रैली के माध्यम से वोटरों में जोश भरने के लिए बसपा सुप्रीमो मायावती, सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव, रालोद मुखिया अजित सिंह आएंगे। यह साझा रैली आगरा, फतेहपुर सीकरी और मथुरा के गठबंधन प्रत्याशी के पक्ष में होगी।
लोकसभा चुनाव में वर्तमान में गठबंधन के प्रत्याशी नरेंद्र सिंह गांव-गांव जाकर प्रचार कर रहे हैं, जनसंपर्क कर रहे हैं, लोगों की परेशानियों को सुन रहे हैं, उन्हें समस्याओं के समाधान का भरोसा दे रहे हैं। इधर, उनके पक्ष में चारू चौधरी गांवों में रोड शो कर रही हैं, खास तौर से मांट और बलदेव क्षेत्र में, उनके साथ अन्य महिलाएं भी प्रचार कर रही हैं। सपा के युवा भी टोली बनाकर जगह-जगह लोगों से संपर्क कर रहे हैं और गठबंधन प्रत्याशी नरेंद्र सिंह को वोट देने की अपील कर रहे हैं।
इधर, बसपा नेता गांवों में जाकर बूथ पदाधिकारियों और कैडर वोटरों से संपर्क साध रहे हैं। उनसे गठबंधन के प्रत्याशी के पक्ष में मतदान कराने की बात कह रहे हैं। बसपा विधायक श्यामसुंदर शर्मा और रालोद के पूर्व मंत्री ठा.तेजपाल सिंह सिंह भी गठबंधन के प्रत्याशी के पक्ष में प्रचार में जुटे हुए हैं। जयंत चौधरी भी कई दिन यहां गठबंधन के प्रत्याशी के पक्ष में प्रचार कर चुके हैं। 11 अप्रैल के बाद फिर आएंगे।
बसपा जिलाध्यक्ष जयवीर सिंह ने बताया कि बसपा सुप्रीमो मायावती 16 अप्रैल को रैली करेंगी, यह दिन प्रचार का अंतिम दिन होगा। यह रैली गठबंधन के नेताओं की साझा रैली होगी। इस रैली में गठबंधन के आगरा, फतेहपुर सीकरी के भी प्रत्याशी उपस्थित रहेंगे। रैली में लाखों लोगों की भीड़ जुटेगी।