गांवों तक लागू हो डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन : मेश्राम
जनपद की नोडल अधिकारी एवं मेरठ मंडलायुक्त अनिता सी. मेश्राम ने कहा कि एक से 31 जुलाई तक संचारी रोग नियंत्रण अभियान चलाया जा रहा है। स्वच्छता बढ़ाने के लिए गांवों में भी घर-घर से कूड़ा कलेक्शन लागू किया जाए। संचारी रोगों की रोकथाम के लिए सभी विभाग अपनी जिम्मेदारी निभाएं।
मुजफ्फरनगर, जेएनएन। जनपद की नोडल अधिकारी एवं मेरठ मंडलायुक्त अनिता सी. मेश्राम ने कहा कि एक से 31 जुलाई तक संचारी रोग नियंत्रण अभियान चलाया जा रहा है। स्वच्छता बढ़ाने के लिए गांवों में भी घर-घर से कूड़ा कलेक्शन लागू किया जाए। संचारी रोगों की रोकथाम के लिए सभी विभाग अपनी जिम्मेदारी निभाएं।
जिला पंचायत सभागार में संचारी रोग नियंत्रण अभियान, स्वच्छता, पेयजल व्यवस्था और बाढ़ नियंत्रण को लेकर नोडल अधिकारी एवं मेरठ मंडलायुक्त अनिता सी. मेश्राम ने अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने एक-एक अधिकारी से कार्य की प्रगति के साथ समीक्षा की जानकारी ली। डॉ. अलका ने नोडल अधिकारी को बताया कि संचारी रोग अभियान का यह दूसरा चरण प्रारम्भ किया गया है। वेक्टर जनित रोगों में कमी आई है। 2018 में 199 मरीज मलेरिया मिले थे, 2019 में संख्या घटकर 100 रह गई थी। डीपीआरओ ने बताया कि गांवों में साफ-सफाई, हैंडपंप रिबोर कराए गए है। 377 गांवों में झाड़ियां काटी गई हैं, गांवों में फॉगिग व सैनिटाइजर का छिड़काव कराया जा रहा है। मंडलायुक्त अनिता सी. मेश्राम ने कहा कि गांवों में भी डोर-टू-डोर कूड़ा उठाने की योजना लागू की जाए। उन्होंने कहा कि वार्डों में फॉगिंग व सैनिटाईजर भी जरूरी है। इसके बाद बाढ़ नियंत्रण को लेकर समीक्षा की गई। बाढ़ चौकियों की स्थापना और तैयारियों को समय से पूर्ण कर लिया जाए। उन्होंने कहा कि चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग संचारी रोगों तथा दिमागी बुखार के केस की निगरानी (सर्विलांस), रोगियों के उपचार की व्यवस्था, रोगियों के निश्शुल्क परिवहन के लिए रोगी वाहन सेवा की व्यवस्था की जाए। नोडल अधिकारी ने सफाई व्यवस्था के दृष्टिगत शहर के वार्ड 11 भरतिया कॉलोनी में जाकर सफाई व्यवस्था का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने निर्देश दिए कि नियमित सफाई कराई जाए, फॉगिग, एन्टी लार्वा का छिड़काव किया जाए।