Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Diwali 2024: ब्रज में कब मनेगी दीपावली संशय खत्म, श्रीकृष्ण जन्मस्थान और बांकेबिहारी मंदिर में इस दिन मनेगा पर्व

    इस साल दिवाली को लेकर पूरे देश में भ्रम की स्थिति है। कार्तिक मास की अमावस दो दिन पड़ने के कारण कुछ मंदिरों में 31 अक्टूबर को तो कुछ में 1 नवंबर को दिवाली मनाई जाएगी। ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर ठाकुर राधारमण मंदिर रंगजी मंदिर जन्मस्थान और द्वारकाधीश मंदिर में 31 अक्टूबर को ही दीपावली मनाई जाएगी। राधावल्लभ मंदिर और नंदगांव के नंदभवन में एक नवंबर को पर्व मनाया जाएगा।

    By Jagran News Edited By: Abhishek Saxena Updated: Sun, 27 Oct 2024 05:03 PM (IST)
    Hero Image
    Diwali 2024: दीवाली का प्रतीकात्मक फोटो इस्तेमाल किया गया है।

    जागरण संवाददाता, मथुरा। इस बार दीपोत्सव को लेकर पूरे देश में भ्रम की स्थिति बनी है। ऐसा कार्तिक मास की अमावस दो दिन पड़ने के कारण हुआ है। ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर, ठाकुर राधारमण मंदिर, रंगजी मंदिर, जन्मस्थान और द्वारकाधीश मंदिर में 31 अक्टूबर को ही दीपावली मनाई जाएगी। राधावल्लभ मंदिर और नंदगांव के नंदभवन में एक नवंबर को पर्व मनाया जाएगा।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    भले ही आम लोगों में दीपावली को लेकर भ्रम की स्थिति बनी है, लेकिन ज्यादातर मंदिरों में 31 अक्टूबर को ही दीपावली मनाई जाएगी। ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर सेवायत श्रीनाथ गोस्वामी ने बताया मंदिर में 31 अक्टूबर को दीपावली का उत्सव मनाया जाएगा।

    इस दिन ठाकुरजी राजा के भेष में भक्तों को दर्शन देंगे, तो मंदिर के जगमोहन और प्रांगण में दीपदान किया जाएगा। बांकेबिहारी मंदिर में दीपोत्सव के लिए भक्त दूर−दराज से आते हैं।

    31 अक्टूबर को मनेगा, एक नवंबर को अन्नकूट

    ठाकुर राधारमण मंदिर पंचायत के पदाधिकारी पंकज गोस्वामी कहते हैं मंदिर में 31 अक्टूबर को दीपावली का उत्सव मनाया जाएगा। एक नवंबर को अन्नकूट दर्शन होंगे। इसी तरह दक्षिण भारतीय परंपरा के रंगजी मंदिर में भी दीपावली का उत्सव 31 अक्टूबर को मनाया जाएगा। श्रीकृष्ण जन्मस्थान में भी दीपावली 31 अक्टूबर को ही मनाई जाएगी।

    बांकेबिहारी मंदिर का प्रतीकात्मक फोटो।

    बरसाना के मंदिर में 31 को ही मनेगा त्योहार

    बरसाना के राधरानी मंदिर के रिसीवर कमेटी के सदस्य प्रवीण गोस्वामी ने बताया कि मंदिर में त्योहार 31 अक्टूबर को मनेगा। हालांकि नंदगांव स्थित नंदभवन और वृंदावन के राधावल्लभ मंदिर में एक नवंबर को दीपावली मनेगी। राधावल्लभ मंदिर के सेवायत मनमोहन गोस्वामी कहते हैं, मंदिर में दीपावली एक नवंबर को मनाई जाएगी। ठाकुरजी लाल पाेशाक धारण कर राधाजी के साथ चौसर का खेल खेलेंगे।

    द्वारकाधीश मंदिर में 31 को मनाई जाएगी दीपावली

    मंदिर ठाकुर द्वारकाधीश में दीपावली का पर्व 31 अक्टूबर को मनाया जाएगा। एक नवंबर को अन्नकूट के दर्शन होंगे। मीडिया प्रभारी एड. राकेश तिवारी ने बताया दीपावली 31 अक्टूबर को मनाई जाएगी। शाम छह बजे लक्ष्मी, गणेशजी का पूजन होगा। कान जगाई होगी। मंदिर मुखिया गाय के कान में अन्नकूट महोत्सव, गोवर्धन पूजा में आने के लिए निमंत्रण देंगे।

    ये भी पढ़ेंः UP By Election: करहल के रण में डिंपल यादव का बयान, बोलीं- 'रिश्तेदारी नहीं बल्कि विचारधारा और सिद्धांतों की लड़ाई'

    ये भी पढ़ेंः Diwali 2024 के लिए 5 एक्ट्रेसेस के आउटफिट्स से लें इंस्पिरेशन, अपने लुक से आप भी चुरा लेंगी लाइमलाइट

    गोवर्धन पूजा एक नवंबर को मनेगा

    एक नवंबर को गोवर्धन पूजा महोत्सव होगा, इसके विशेष दर्शन सुबह 10 बजे खुलेंगे। सुबह कोई दर्शन नहीं होंगे। अन्नकूट के विशेष दर्शन शाम चार बजे से शाम 7.30 बजे तक खुलेंगे।