विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

होटल के कमरे में मुस्लिम युवक के साथ हिंदू युवती, पुलिस ने ताला तोड़ निकाले बाहर; बुलाए घर वाले

By Vipin Parashar Edited By: Prateek Gupta
Published: Thu, 08 Jan 2026 01:05 PM (IST)

दिल्ली से एक मुस्लिम युवक और हिंदू युवती वृंदावन के एक होटल में ठहरे थे। बजरंग दल, विहिप और करणी सेना को सूचना मिली तो उन्होंने लव जिहाद का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। पुलिस ने कमरा तोड़कर युवक-युवती को बाहर निकाला और पूछताछ के लिए चौकी ले गई। युवती के परिजनों को भी बुलाया गया है। यह घटना मथुरा के वृंदावन में हुई।

वृंदावन में होटल के कमरे से बाहर निकाल युवक और युवती को ले जाती पुलिस।

वृंदावन में होटल के कमरे से बाहर निकाल युवक और युवती को ले जाती पुलिस।

संवाद सहयोगी, जागरण, वृंदावन। दिल्ली से एक युवती को लेकर मुस्लिम युवक दो दिन पहले वृंदावन आया और होटल में ठहर गया। मुस्लिम युवक के साथ हिंदू युवती के आने की सूचना मिलते ही बजरंग दल, विश्व हिंदू परिषद व करणी सेना के पदाधिकारी होटल पहुंचे और लवजिहाद का आरोप लगाते हुए हंगामा काटा।

कोतवाली क्षेत्र के छटीकरा मार्ग स्थित प्रेममंदिर के समीप बुधवार दोपहर विहिप, करणी सेना व बजरंग के पदाधिकारी व कार्यकर्ता एक होटल पर पहुंचे और होटल में मुस्लिम युवक के साथ युवती के ठहरे होने पर लवजिहाद के आरोप में हंगामा शुरू कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कमरा खुलवाया।

कमरे में दिल्ली के करोलबाग निवासी 21 वर्षीय कैफ मोहम्मद के साथ नेहरू नगर निवासी हिंदू युवती मिली। यह पांच जनवरी को वृंदावन घूमने आए थे और होटल में ठहर गए। पुलिस ने जबरन कमरे का ताला तोड़ युवक-युवती को बाहर निकाला और ओमेक्स पुलिस चौकी लेकर पहुंचे। यहां पुलिस ने युवती के स्वजन को सूचना देकर बुलाया है।

पुलिस युवक व युवती के साथ पूछताछ कर रही है। कोतवाली प्रभारी संजय पांडेय ने बताया होटल में मुस्लिम युवक के साथ युवती की सूचना पर कुछ लोगों ने शिकायत की थी।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।