कर्नल स्वरूप सिंह और मेजर सचिन ने दौड़ में किया नाम
चंडीगढ़ स्टेडियम में अल्ट्रा मैराथन दौड़ जीतकर ब्रज का नाम रोशन किया
मथुरा, जासं। पाली डूंगरा निवासी दो भाई ले. कर्नल स्वरूप सिंह कुंतल ने लगातार 12 घंटे दौड़कर और मेजर सचिन सिंह कुंतल ने सौ किमी अल्ट्रा मैराथन दौड़ जीतकर ब्रज का नाम रोशन किया है।
चंडीगढ़ स्टेडियम में नौ मार्च को आयोजित दो दिवसीय प्रतियोगिता में ले. कर्नल स्वरूप सिंह कुंतल ने 12 घंटे में 118.7 किमी की दूरी तय एक बार फिर से मथुरा का नाम रोशन किया है। इस प्रतियोगिता में ले. कर्नल स्वरूप सिंह ने नौ मार्च की शाम छह बजे से लेकर 10 मार्च की सुबह छह बजे तक लगातार स्टेडियम में दौड़ते हुए अपने निकटतम प्रतिद्वंदी से 10 किमी के अंतर से दौड़ में पहला स्थान प्राप्त किया।
मेजर सचिन सिंह कुंतल ने सौ किमी दौड़ में हिस्सा लिया, जिसे नौ घंटे 13 मिनट में पूरी कर तीसरा स्थान प्राप्त किया। इस दौड़ को क्वालाईफाई कर मेजर सचिन सिंह एशियन एवं वर्ल्ड चैंपियनशिप में भाग लेंगे। इस प्रतिस्पर्धा में देशभर से 250 अल्ट्रा मैराथन रनर ने भाग लिया। वर्तमान में ले. कर्नल स्वरूप सिंह कुंतल व्हाइट टाइगर डिविजन की व्हाइट टाइगर ईगल बटालियन झांसी में तैनात हैं और मेजर सचिन सिंह कुंतल योल कैंप में तैनात हैं।