शारीरिक दूरी के लिए बनवाए गए दुकानों के आगे सर्किल
-व्यापार मंडल ने बाजारों में मास्क बांटकर लोगों को किया जागरूक -खरीदारी के लिए शारीरिक दूरी के पालन के लिए बनवाए सर्किल
संवाद सहयोगी, मथुरा : वृंदावन में लॉकडाउन के बीच खुल रही दुकानों में व्यापारियों की सहूलियत के लिए व्यापार मंडल ने सोमवार को मास्क बांटे तथा दुकानों के आगे शारीरिक दूरी बनाने के लिए सर्किल बनवाए। ताकि दुकानों पर खरीदारी के समय लोग शारीरिक दूरी का उचित पालन कर सकें।
अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल ने सोमवार को बाजार में व्यापारियों को कपड़े के 2 लेयर मास्क, प्रशासन की गाइडलाइन वाले पंपलेट बांटकर लोगों को जागरूक किया। इसके साथ ही व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने दुकानों के आगे सर्किल बनवाएं, ताकि खरीदार आपस में शारीरिक दूरी का पालन उचित तरीके से कर सकें। नगर अध्यक्ष वैभव अग्रवाल ने बताया सोमवार को गोपीनाथ बाजार, रेतिया बाजार, प्रताप बाजार, अनाज मंडी, सर्राफा बाजार, गोविद घेरा, छीपी गली आदि स्थानों पर दुकानों पर जाकर व्यापारियों को कपड़े से बने 2 लेयर मास्क बांटे तथा जिला प्रशासन द्वारा व्यापारियों के लिए बनाई गई गाइडलाइन का पत्रक दिया। इसके अलावा सभी दुकानों के आगे सर्किल बनवाए जिससे दुकानों पर शारीरिक दूरी का पालन किया जा सके।
वृंदावन कोतवाल संजीव दुबे, व्यापार मंडल महामंत्री सतीश चौधरी, पार्षद पंकज अरोड़ा, अखिलेश अग्रवाल, गोविन्द खंडेलवाल, बृजमोहन विजय, अंकित वाष्र्णेय, गोपाल खंडेलवाल, गिरधर शर्मा, विवेक अग्रवाल महेश शर्मा, योगेश चौधरी आदि व्यापारी उपस्थित रहे।