छाता शुगर मिल: तीन महीने से धरने पर बैठे किसानों ने दी जान देने की चेतावनी
छाता शुगर मिल चालू कराने की मांग को लेकर तीन महीने से धरने पर बैठे किसान अब आक्रोशित हैं। उन्होंने ...और पढ़ें
-1794407615662_m.webp)
धरनास्थल पर किसानों को संबोधित करते वक्ता।
HighLights
ठंड और प्रशासनिक उपेक्षा से परेशान किसानों का आक्रोश बढ़ा।
किसानों ने मोबाइल टावर से कूदकर जान देने की चेतावनी दी।
संवाद सूत्र, छाता (मथुरा)। चीनी मिल चालू कराने की मांग को लेकर पिछले तीन महीने से धरने पर बैठे किसानों का आक्रोश अब बढ़ता जा रहा है। ठंड, बीमारी और प्रशासनिक उपेक्षा से परेशान किसानों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द चीनी मिल शुरू नहीं हुई तो वे मोबाइल टावर से कूदकर जान देने को मजबूर होंगे। किसानों के इस रुख से धरना स्थल पर तनाव का माहौल है।
किसानों का कहना है कि तीन महीने से अधिक समय से वे खुले आसमान के नीचे धरना दे रहे हैं। सर्द रातों में ठंड के साथ सर्दी-जुकाम और जहरीले कीड़े-मकौड़ों का सामना करना पड़ रहा है। इसके बावजूद शासन और प्रशासन उनकी मांग पर गंभीरता नहीं दिखा रहा। किसानों का आरोप है कि लगातार आंदोलन के बाद भी उनकी सुध लेने कोई ठोस पहल नहीं हुई है।
धरने में शामिल नरी गांव निवासी रामचरण ने कहा कि किसान बेहद परेशान हो चुके हैं। हालात ऐसे हो गए हैं कि करीब पांच किसान मोबाइल टावर से कूदकर जान देने की बात कह रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह किसी को धमकी देना नहीं, बल्कि अपनी पीड़ा और सरकार के प्रति आक्रोश जाहिर करना है।
किसानों का कहना है कि चीनी मिल शुरू होने से क्षेत्र के किसानों और उनसे जुड़े परिवारों को राहत मिलेगी। यह मांग अब उनके लिए जीवन-मरण का प्रश्न बन चुकी है।