बीएसएनएल सैटेलाइट फोन: बिना नेटवर्क भी होगी बात, कीमत और खूबियां; जानें कितनी होगी जेब ढीली
बीएसएनएल ने अब आम उपभोक्ताओं के लिए सैटेलाइट फोन सेवा शुरू की है, जो दुर्गम क्षेत्रों में बिना नेटवर्क के ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर।
HighLights
बीएसएनएल सैटेलाइट फोन आम उपभोक्ताओं के लिए उपलब्ध
बिना मोबाइल नेटवर्क के भी कॉल, एसएमएस सुविधा
आपात स्थिति के लिए फोन में एसओएस बटन
जागरण संवाददाता, मथुरा। दुर्गम क्षेत्रों में निर्बाध संचार सुविधा देने के लिए भारत संचार निगम लिमिटेड (बीएसएनएल) ने अब सैटेलाइट फोन आम उपभोक्ताओं के लिए उपलब्ध करा दिया है। पहले मुख्य रूप से सेना और बीएसएफ तक सीमित यह सेवा बिना मोबाइल नेटवर्क के भी कॉल व एसएमएस की सुविधा देती है।
सीधे सैटेलाइट से जुड़ने वाले इस फोन में आपात स्थिति के लिए एसओएस बटन भी दिया गया है। इसे बीएसएनएल द्वारा जिले में भी उपलब्ध कराया जा रहा है।
इस सेवा के लिए पहले साल में उपभोक्ताओं को कुल मिलाकर 2.16 लाख रुपये से अधिक खर्च करने होंगे। फोन की मूल कीमत 1,12200 रुपये है, जिस पर 20,196 रुपये जीएसटी लगने के बाद कुल कीमत 1,32,396 रुपये हो जाती है। इसके अलावा 1180 रुपये रजिस्ट्रेशन शुल्क और 590 रुपये सिम एक्टिवेशन शुल्क देना होगा। एक साल के प्रीपेड प्लान का शुल्क 82579 रुपये रखा गया है, जिससे पहले वर्ष का कुल खर्च 2,16,745 रुपये पहुंच जाता है। इसके बाद दूसरे साल से उपभोक्ताओं को 4503 रुपये का मासिक प्लान लेना होगा।
ये है कॉलिंग दरें
कॉलिंग दरों की बात करें तो सरकारी कार्य के लिए दर 18 रुपये प्रति मिनट और निजी या व्यावसायिक उपयोग के लिए 25 रुपये प्रति मिनट तय की गई है। यह फोन सामान्य मोबाइल बेस ट्रांसीवर स्टेशन (बीटीएस) टावर के बजाय सीधे सैटेलाइट से जुड़कर काम करता है। इसके बेहतर संचालन के लिए खुले स्थान की आवश्यकता होती है। किसी भी आपात स्थिति में तुरंत मदद मांगने के लिए फोन में एसओएस बटन भी दिया गया है।
हवाई यात्रा के लिए लेनी होगी एनओसी
अधिक बैटरी बैकअप और उन्नत तकनीक से लैस इस फोन को विमान में इस्तेमाल नहीं किया जा सकता है। हवाई यात्रा के दौरान इसे साथ ले जाने के लिए बीएसएनएल से अनापत्ति प्रमाणपत्र (एनओसी) लेना अनिवार्य होगा।
यह भी पढ़ें- बीएसएनएल के नए रिचार्ज प्लान: अब सस्ती कॉल के साथ सुरक्षा भी, मैनपुरी में 1.25 लाख यूजर्स
मथुरा में अभी नहीं आया एक भी आवेदन
बीएसएनएल के उप महाप्रबंधक डीके शर्मा ने बताया कि अभी जिले में इस फोन के लिए एक भी आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। अगर आवेदन प्राप्त होगा तो फोन उपलब्ध करा दिया जाएगा।
