ग्राउंड रिपोर्ट: मथुरा में 'कमल खिला दे' तो आगरा में 'दमदार दलित'... ब्रज में बिछने लगी 2027 की सियासी बिसात
ब्रज क्षेत्र में आगामी चुनावों को लेकर भाजपा और सपा के बीच राजनीतिक घमासान तेज हो गया है।

आगरा से मथुरा तक तेज हुई 2027 की सियासी हलचल। (फाइल फोटो)
HighLights
भाजपा सुरक्षा, सुशासन, विकास एजेंडे पर चुनाव लड़ने की तैयारी में।
सपा 'यादव, मुस्लिम, तीसरी जाति' जोड़कर जीत का पहाड़ चढ़ने की कोशिश।
जनता में विकास, रोजगार, प्रत्याशियों को बदलने की व्यग्रता दिख रही।
संतोष शुक्ल, मथुरा। दलितों के गढ़ आगरा में 15 नवंबर को सपा प्रमुख अखिलेश यादव दलित महासम्मेलन में पीडीए के 'डी' को 'दमदार दलित' बताकर सामाजिक समीकरण साध रहे थे।
वहीं, 16 और 17 नवंबर को यहां से 42 किलोमीटर दूर धर्मक्षेत्र मथुरा के परखम में भाजपा 'राधे-राधे, कमल खिला दे', 'अयोध्या हुई हमारी, अब मथुरा की बारी' और 'भाजपा 2027 में अंगद पांव' जैसे नारों के साथ सुरक्षा, सुशासन और विकास का एजेंडा लेकर चुनाव में उतरने की रणनीति बना रही थी।
चुनावी बादलों की उमड़-घुमड़ के बीच 65 विधानसभा सीटों वाला ब्रज क्षेत्र राजनीति की नई प्रयोगशाला बन रहा है। यहां की रज में धर्म की तरंग, जातीय समीकरणों में बेचैनी भी है।
विकास, रोजगार और प्रत्याशियों को बदलने का विमर्श तैर रहा है तो ब्रज क्षेत्र में वादे अधूरे रहने का दर्द भी है। यहां पार्टी से ज्यादा प्रत्याशियों को बदलने की व्यग्रता दिखाई देती है।
भाजपा और सपा के रथ आमने-सामने खड़े हो रहे हैं। भाजपा उपलब्धियों के साथ जनता के बीच जाने की तैयारी में जुटी है। वहीं सपा 'यादव, मुस्लिम और तीसरी जाति' को जोड़कर जीत का पहाड़ चढ़ने की तैयारी में है।
नए तेवर में बसपा
बसपा नए तेवर के साथ जमीन मजबूत करने में जुटी है। प्रतीक्षालय में खड़े सहयोगी दलों का स्थान तय होना बाकी है। जनता जातीय समीकरणों पर भरोसा करे या सुशासन के दावों पर मुहर लगाए, यह सवाल नया विमर्श खड़ा कर रहा है।
वर्ष 2014 से ब्रज क्षेत्र भाजपा का मजबूत गढ़ रहा है। वर्ष 2017 में यहां 65 विधानसभा सीटों में से 57 पर भाजपा ने जीत दर्ज की, जबकि वर्ष 2022 में 53 सीटों पर कमल खिला।
ब्रज क्षेत्र में मैनपुरी, फिरोजाबाद, शिकोहाबाद और बदायूं जैसी कई सीटों पर सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव के परिवार की विरासत की भी परीक्षा होगी। भाजपा ने भले 'अब मथुरा की बारी' का नारा समय-समय पर उछाला, लेकिन पार्टी अयोध्या जैसी ऊर्जा नहीं पैदा कर पाई।
साफ है कि भाजपा इसे चुनावी मुद्दा बनाने के बजाय इसका तापमान बनाए रखेगी। जन्मभूमि के पास आटो में बैठे विष्णु कहते हैं, हमारी दशा यह हो गई कि हम चांदी का काम छोड़कर टेंपो चलाने लगे। जन्मभूमि के आसपास रहने वाले लोग इस मुद्दे को दोबारा छेड़ना नहीं चाहते।
प्राचीन योगमाया शक्तिपीठ की महंत इंजीनियर वंदना पराशर कहती हैं, भ्रष्टाचार पर राजनीति क्यों नहीं हो रही, हर बार धर्म क्यों जरूरी है? गीता प्रेस की किताबें बेचने वाले अरुण कुमार गोयल का स्वर इससे अलग है।
वह सवाल करते हैं कि जहां मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कई बार दर्शन करने आ चुके हैं, वहां सपाई और कांग्रेसी क्यों नहीं आए? उनका दावा है कि ब्रज में भाजपा का रथ कोई रोक नहीं पाएगा, लेकिन कई विधायकों का टिकट काटना होगा।
बलदेव विधानसभा क्षेत्र के जिरोली गांव के राजेश के गांव में काम न होने से विधायक के प्रति नाराजगी दिखती है तो भूरा कहते हैं कि 70 प्रतिशत गांव वाले सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित हैं।
वहीं, जाटव समाज की राजधानी कहलाने वाले आगरा में सपा लंबे समय से पांव जमाने की कोशिश कर रही है, कई धड़ों में बंटी भाजपा अवसर भी दे सकती है। किसानों में कई मुद्दे खदबदा रहे हैं। खाद न मिलने और फार्मर आइडी की व्यवस्था से किसान परेशान हैं।
कोल्ड स्टोर संचालकों का दर्द
जिले के 156 कोल्ड स्टोर संचालकों का दर्द अलग है। कहते हैं सरकार लागत मूल्य वापस करे, अन्यथा नाराजगी झेलनी होगी। पीली पोखर के रवि सुरक्षा और सुशासन को बेहतर मानते हैं लेकिन सड़क को लेकर नाराज हैं। सपा ऐसे मुद्दों को ताकत देकर अपना राजनीतिक समीकरण साधेगी।
पिछले लोकसभा चुनाव में सपा ने भाजपा से बदायूं, आंवला, फिरोजाबाद और एटा सीटें छीन ली थीं। जहां भाजपा जीती, वहां भी पिछले चुनाव की तुलना में 60 हजार तक वोट कम हो गए।
इससे सपा का मनोबल बढ़ा हैं। ब्रज में भाजपा के रथ को रोकने के लिए सपा की आगरा से मैनपुरी तक कई सीटों पर भाजपा के जातीय समीकरण को प्रभावित करने की रणनीति दिखती है।
बाजार में युवकों के साथ बातचीत कर रहे शिक्षक सुनील कुमार राजपूत कहते हैं कि पीलीभीत से आगरा तक शाक्य, लोध और यादव की बड़ी आबादी है, जिसे हर पार्टी अपने साथ जोड़ना चाहेगी। आम जनता बदलाव चाहती है। कहीं पार्टी के स्तर पर तो कहीं प्रत्याशी के स्तर पर।
सुरक्षा पर आश्वस्त, रोजगार पर चिंता
फिरोजाबाद विधानसभा क्षेत्र के सिरसागंज बाजार में घर के सामने बैठे उदयवीर शर्मा रोजगार, कृषि, थाना और कचहरी से जुड़े मामलों को लेकर सरकार से नाराज हैं।
हालांकि सुरक्षा के मामले में सरकार को 10 में से 10 नंबर देते हैं। पास में खड़े 17 वर्ष के करन सुरक्षा और सड़क को लेकर सरकार की प्रशंसा करते हैं लेकिन रोजगार की चिंता उसके चेहरे पर साफ झलकती है।
दन्नाहार बाजार में खड़े नग्लालायक गांव के विनोद यादव कहते हैं कि जातिवाद ज्यादा है और अधिकारी बेलगाम हैं। उन्होंने बताया, मैंने 21 लाख रुपये में खेत खरीदा, लेकिन कब्जा आज तक नहीं मिला। हां, अपराधी जरूर निकल भागे हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।