राधा-कृष्ण के जयकारों की गूंज के साथ ब्रज चौरासी कोसी परिक्रमा पहुंची कारब, संतों के दर्शन को उमड़े भक्त
ब्रज चौरासी कोस परिक्रमा अपने 38वें वर्ष में श्रद्धा और भक्ति के साथ आगे बढ़ रही है, जिसमें हजारों संत और भक्त शामिल हैं।

परिक्रमा के कारब गांव पहुंचने पर ग्रामीणों ने पुष्प वर्षा और हरिनाम संकीर्तन से संतों का भव्य स्वागत किया।
HighLights
ब्रज चौरासी कोस परिक्रमा 38वें वर्ष में जारी है।
कारब गांव में संतों का भव्य स्वागत हुआ।
हजारों भक्त हरिनाम संकीर्तन में शामिल हुए।
संवाद सूत्र, जागरण महावन। ब्रज की पावन धरा इन दिनों हरिनाम संकीर्तन से गूंज रही है। बरसाना के विरक्त संत पद्मश्री रमेश बाबा के सानिध्य में निकली ब्रज चौरासी कोस परिक्रमा अपने 38वें वर्ष में पूरी श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ आगे बढ़ रही है।
36 दिवसीय इस परिक्रमा ने 19वें दिन बुधवार को वृंदावन से पानीगांव, यशोदा कुंड, मावली, लोहवन, सिहोरा, नगला तेजा होते हुए गांव कारब में पड़ाव लिया। परिक्रमा के कारब पहुंचते ही पूरा गांव भक्तिमय हो गया। जगह-जगह ग्रामीणों ने पुष्प वर्षा कर संतों का स्वागत किया। महिलाएं आरती की थाली लेकर सड़क किनारे खड़ी थीं, बच्चे राधे-राधे के जयकारे लगा रहे थे।
परिक्रमा में सबसे आगे मानमंदिर के बालक-बालिकाएं ठाकुर जी के डोला के साथ चल रहे थे। भगवा एवं श्वेत वस्त्र धारण किए संत युगल सरकार के संकीर्तन के साथ कदम से कदम मिलाकर चल रहे थे। ढोल-मंजीरा, करताल और हरिनाम की धुन पर पूरा वातावरण भक्तिरस में डूबा हुआ था। हजारों की संख्या में संत, बटुक और भक्त इस परिक्रमा में शामिल हैं।
रास्ते भर श्रद्धालु संतों के चरण स्पर्श कर आशीर्वाद ले रहे थे। कई ग्रामीण तो अपने घरों से निकलकर मीलों तक परिक्रमा के साथ-साथ चलते रहे। संतों एवं आश्रम के बटुकों के दर्शन के लिए ग्रामीण सड़कों पर उमड़ पड़े। सभी के मुख से राधे-कृष्ण, राधे-कृष्ण निकल रहा था। बुजुर्गों से लेकर बच्चों तक हर कोई उनके दर्शन को लालायित दिखा। ग्रामीणों ने कहा कि इतनी बड़ी संख्या में संतों का एक साथ गांव में आना सौभाग्य की बात है। इससे गांव का वातावरण पवित्र हो गया है।
कारब में पड़ाव पर पहुंचे संतों के ठहरने के लिए आश्रम द्वारा समुचित व्यवस्था की गई थी। ठहरने के साथ ही जल, भोजन और चिकित्सा की भी व्यवस्था रखी गई। ग्रामीणों द्वारा भंडारे का आयोजन भी किया गया, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। देर शाम तक हरिनाम संकीर्तन चलता रहा और चारों तरफ राधे नाम की गूंज सुनाई देती रही।
क्या है चौरासी कोस परिक्रमा
ब्रज चौरासी कोस परिक्रमा ब्रज के 12 वनों, 24 उपवनों, पर्वतों, कुंडों और लीला स्थलों की परिक्रमा है। मान्यता है कि इस परिक्रमा को करने से भगवान श्रीकृष्ण और श्रीराधा रानी की विशेष कृपा प्राप्त होती है। बरसाना के मानमंदिर से शुरू होने वाली यह परिक्रमा 36 दिनों में पूरी होती है। इसमें वृंदावन, गोवर्धन, बरसाना, नंदगांव, गोकुल, महावन, बलदेव सहित ब्रज के प्रमुख पड़ाव आते हैं।
पद्मश्री रमेश बाबा द्वारा शुरू की गई यह परिक्रमा अब ब्रज की एक बड़ी आध्यात्मिक परंपरा बन चुकी है। इसमें देश-विदेश से हजारों भक्त शामिल होते हैं।
गुरुवार को बलदेव में होगा पड़ाव
गुरुवार को परिक्रमा कारब से बंदी होकर बलदेव पहुंचेगी, जहां पड़ाव होगा। बलदेव में भी संतों के स्वागत की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।