गैस टैंक फटने से लगी आग, दो मजदूर झुलसे
नवीपुर औद्योगिक क्षेत्र में हुआ हादसा, प्लांट संचालक और कर्मचारी भागे
कोसीकलां, मथुरा: कोटवन-नवीपुर औद्योगिक क्षेत्र में रविवार की शाम को टायर प्लांट के गैस टैंक में आग लग गई। इसकी चपेट में आकर दो मजदूर झुलस गए। दोनों की हालत नाजुक है। भीषण लपटों को देखकर प्लांट में भगदड़ मच गई। संचालक और कर्मचारी भाग खड़े हुए। दमकल ने आग पर नियंत्रण किया।
कोटवन-नवीपुर औद्योगिक क्षेत्र में टायर ऑयल प्लांट बालाजी ग्रीन्स है। शाम को प्लांट में अचानक जोरदार धमाका हुआ। धमाके साथ ही प्लांट में आग लग गई। इसकी चपेट में जुनैद पुत्र आस मुहम्मद (30) निवासी पुन्हाना हरियाणा और उसका एक साथी आ गए। दोनों बुरी तरह से झुलस गए। आग लगाते ही संचालक और कर्मचारी भाग खड़े हुए। धुआं उठने पर आसपास के लोग समझ गए कि प्लांट में आग लग गई। कोसीकलां पुलिस दमकल को लेकर घटनास्थल पर पहुंच गई। करीब एक डेढ़ घंटे की मशक्त के बाद आग पर काबू पाया जा जा सका। झुलसे हुए दोनों मजदूरों को पुलिस ने स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया। उनकी हालत नाजुक बताई गई है। आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है, लेकिन माना यह जा रहा है कि टैंक से गैस का रिसाव हुआ होगा। इसके कारण आग लग गई और टैंक फट गया। -पहले भी हुआ हादसा: टायर प्लांट में आग लगने की कोई यह पहली घटना नहीं है। पंद्रह दिन पहले भी इसी तरह प्लांट में आग लगी थी। 27 नवंबर को सर्वोत्तम इंडस्ट्रीज में भीषण आग लग गई थी, जबकि इसी कंपनी में 17 जून को बॉयलर फटने से एक कर्मचारी की मौत हो गई थी। -ग्रामीण करते हैं विरोध: नवीपुर के ग्रामीण प्लांट से उठने वाले धुआं से होने वाले प्रदूषण से परेशान है। वह लगातार प्रदूषणकारी इकाइयों का विरोध करते रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि प्लांट से निकलने वाले धुआं से ग्रामीणों को सांस लेने में तकलीफ हो रही है। कई बार शिकायत किए जाने पर भी प्रशासन उनकी शिकायत को गंभीरता से नहीं ले रहा है।