सपा के 'PDA' की काट के लिए भाजपा का नया दांव, हिंदुत्व की पिच पर अखिलेश यादव को घेरने की तैयारी
भाजपा सपा के पीडीए फार्मूले की काट के लिए अखिलेश यादव को हिंदुत्व की पिच पर घेरने की रणनीति बना ...और पढ़ें

सीएम योगी आदित्यनाथ और अखिलेश यादव
HighLights
भाजपा सपा के पीडीए फार्मूले की काट ढूंढ रही है।
अखिलेश यादव को मथुरा आने का राजनीतिक न्योता।
भाजपा हिंदुत्व की पिच पर चुनावी स्कोर बढ़ाना चाहती है।
विनीत मिश्र, मथुरा। चुनावी रणनीति को लेकर भाजपा और सपा एक-दूसरे को अपनी पिचों पर घेरने में जुटी हैं। सपा के पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) फार्मूले की काट में उलझी भाजपा पैंतरा बदलते हुए सपा प्रमुख अखिलेश यादव को अपनी पिच घेरकर चुनावी बल्लेबाजी करने की रणनीति पर बढ़ रही है।
अखिलेश के अयोध्या में राम मंदिर जाने के कार्यक्रम पर भाजपा ने उन्हें अब मथुरा भी आने का राजनीतिक न्यौता दे दिया है। भाजपा की योजना बैठक में दिग्गजों ने माना है कि अखिलेश को हिंदुत्व की पिच पर लाकर बेहतर चुनावी स्कोर खड़ा किया जा सकता है।
विधानसभा चुनाव से पहले प्रदेश में सपा ने पीडीए के फार्मूले से भाजपा और उसके सहयोगी दलों को घेरने की तैयारी की। चूंकि यह फार्मूला पिछले लोकसभा चुनाव में भाजपा को बैकफुट पर रखने में सफल रहा, इसलिए सपा इसे धार देती रहेगी। इसका जवाब देने में भाजपा ने योगी मंत्रिमंडल, प्रदेश इकाई से लेकर क्षेत्रीय एवं जिला संगठन तक पिछड़ों एवं दलितों को पूरी तवज्जो दी।
उधर, भाजपा ने कई अवसरों पर सपा और कांग्रेस को सनातन विरोधी कहकर चुनावी धरातल मजबूत किया। सपा ने भी हिंदू वोटों की गठरी और मजबूत करने के लिए गियर बदला। पिछले दिनों अयोध्या में पूर्व विधायक पवन पांडेय के यहां आयोजित कथा में जब अखिलेश यादव पहुंचे, तभी यह संकेत दे दिया गया कि सपा प्रमुख राम मंदिर जा सकते हैं। उनके अयोध्या जाने के बयान को भाजपा ने हवा दी और इसकी घेरेबंदी कर माहौल बनाया।
अखिलेश ने इटावा में केदारेश्वर मंदिर का निर्माण कराया और अब कई धार्मिक आयोजनों में वह सार्वजनिक रूप से पहुंच भी रहे हैं। सूत्र कहते हैं कि सपा ने पार्टी प्रवक्ताओं को भी हिंदुत्व के विरोध में न बोलने की हिदायत दी है। अक्टूबर में पार्टी प्रवक्ता राजकुमार भाटी ने हिंदू देवी-देवताओं की पूजा न करने की बात कही।
भाजपा ने इसे भी खूब हवा दी तो सपा ने भाटी के बयान से किनारा कर लिया। मथुरा में योजना बैठक में आए उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने भी अयोध्या हुई हमारी, अब मथुरा की बारी का नारा देने के साथ ही सपा मुखिया को यदुवंशी होने के नाते श्रीकृष्ण जन्मस्थान पर कारसेवा के लिए आमंत्रित किया। यह भी भाजपा की सधी हुई रणनीति का हिस्सा है।
योजना बैठक में वरिष्ठ पदाधिकारियों के बीच इसी रणनीति को और धार देने की चर्चा हुई। अब भाजपा घेरेबंदी और तेज करेगी। पार्टी की रणनीति है कि 1990 में मुलायम सिंह यादव सरकार द्वारा कारसेवकों पर गोली चलाने को लेकर अखिलेश को लगातार घेरा जाएगा।
वहीं, नई रणनीति के तहत अखिलेश अब अयोध्या एवं अन्य धार्मिक स्थानों के संतों से आशीर्वाद लेने के बहाने ब्राह्मणों का भरोसा जीतने में जुटे हैं, जबकि भाजपा लगातार उन पर मुस्लिम तुष्टीकरण का आरोप लगाकर नैरेटिव की जंग को उकसा रही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।